सागर कुमार/न्यूज़11 भारत
रामगढ़/डेस्क: झारखंड प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने जमशेदपुर में झारखंड क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय कुमार की दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या के विरोध में कहा कि यह केवल विनय कुमार की हत्या नहीं यह हमारे समाज के स्वाभिमान और सम्मान की हत्या है. विनय कुमार की हत्या एक सुनियोजित तरीके से सोची समझी साजिश लगती है. झारखंड के हेमंत सरकार में अपराधी बिल्कुल बेलगाम हो गये हैँ और अपराधियों पर कोई अंकुश नहीं है. झारखंड सरकार में ना तो महिलाए सुरक्षित हैँ और ना ही आम व्यक्ति सुरक्षित है, कभी रांची जैसे शहर में अनिल टाइगर जैसे व्यक्ति की दिन दहाड़े हत्या हो जाती है.
कभी जमशेदपुर जैसे शहर में विनय कुमार की दिनदहाड़े हत्या हो जा रही है. झारखंड में झारखंड पुलिस और सरकार मिलकर सिर्फ चालान काटने और उगाही करने में व्यस्त है. यहाँ की जनता बिल्कुल डर में जी रही है. करणी सेना भारत के प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने झारखंड सरकार और झारखंड पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है और कहा है कि यदि 48 घंटे के अंदर विनय कुमार के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो करणी सेना झारखंड में आंदोलन करेगी और घर में घुस कर अपराधियों को मारने का काम करेगी और जरूरत पड़ी तो पूरे देश में करणी सेना आंदोलन करेगी. प्रेस कॉन्फ्रेंस में करणी सेना भारत के प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण सिंह समेत डाडी प्रखंड अध्यक्ष रवि सिंह राजपूत, विकास कुमार सोलंकी, शिवम् सिंह, चुन्नू सिंह, शुभम सिंह, राहुल कुमार इत्यादि दर्जनों करणी सैनिक शामिल थे.