न्यूज11 भारत
पटना/डेस्क: राज्यसभा चुनाव के नामांकन से पहले सभी उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति का ब्योरा दिया है. मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व सीएम नीतीश कुमार के पास सबसे कम संपत्ति है. बता दें, सीएम नीतीश कुमार के पास कुल मिलाकर 1.66 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है. वर्ष 2024-25 में उनकी कुल आय मात्र 7.87 लाख रुपये दर्ज की गई है. नीतीश कुमार के शपथ पत्र के मुताबिक उनके पास केवल 20 हजार 552 रुपये कैश हैं.
चल संपत्ति के तौर पर नीतीश कुमार के पास कुल 17.91 लाख रुपये की संपत्ति है. नीतीश कुमार के पास ज्वेलरी के तौर पर केवल 20 ग्राम सोने की एक अंगूठी और एक मोती जड़ी चांदी की अंगूठी है, जिसकी कुल कीमत करीब 2.37 लाख रुपये बताई गई है. नीतीश के पास एक फोर्ड इकोस्पोर्ट्स कार, जिसे उन्होंने वर्ष 2015 में 11.32 लाख रुपये में खरीदा था.
अचल संपत्ति के तौर पर नीतीश के पास दिल्ली के द्वारका में संसद को ऑपरेटिव का एक फ्लैट है. लगभग एक हजार वर्ग फीट के इस फ्लैट को उन्होंने वर्ष 2004 में 13.78 लाख रुपये में खरीदा था. फ्लैट की वर्तमान कीमत करीब 1.48 करोड़ रुपये बताई गई है. जेडीयू के राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर की संपत्ति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से ज्यादा है. रामनाथ ठाकुर के पास कुल 3.12 करोड़ रुपये की संपत्ति है. इसमें 1.64 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 1.48 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है. वर्ष 2024-25 में उनकी कुल आय 35.77 लाख रुपये थी.
रामनाथ ठाकुर के पास नकद के रूप में 1.26 लाख रुपये है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की कुल चल संपत्ति करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपये है. नितिन नबीन की पत्नी के पास 84 लाख रुपये की चल संपत्ति है. नितिन नवीन के नाम पर कोई अचल संपत्ति नहीं है, जबकि उनकी पत्नी के पास करीब 1 करोड़ 47 लाख रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है. शपथ पत्र के मुताबिक नितिन नबीन के पास 55 हजार रुपये नकद है. जबकि अलग–अलग बैंकों में उनके करीब 62 लाख रुपये जमा है. नितिन नवीन के पास एक स्कॉर्पियो और एक इनोवा क्रिस्टा कार है.
नितिन नवीन पर तकरीबन 32 लाख रुपये का लोन बकाया. बीजेपी के दूसरे उम्मीदवार शिवेश कुमार की वार्षिक आय 24 लाख 35 हजार रुपये है. शिवेश कुमार की पत्नी की वार्षिक आय 6 लाख 57 हजार रुपये है. शिवेश कुमार के पास 2 लाख 24 हजार रुपये नकद हैं और बैंकों और वित्तीय संस्थानों में करीब 24 लाख रुपये जमा हैं. शिवेश कुमार के पास एक स्कॉर्पियो, मारुति और इनोवा क्रिस्टा कार है.
उनकी कुल चल संपत्ति लगभग 98 लाख रुपये बताई गई है. अचल संपत्ति की बात करें तो शिवेश कुमार के पास करीब 2 करोड़ 72 लाख रुपये की अचल संपत्ति है. शिवेश कुमार पर तकरीबन 12 लाख 20 हजार रुपये का लोन भी बकाया है.
यह भी पढ़ें: बिहार में नई सरकार की अटकलों के बीच नितिन नबीन दिल्ली रवाना, वरिष्ठ नेताओं के साथ करेंगे बैठक