न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: बिहार में मौसम का मिजाज अगले 24 घंटे में फिर बदल सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार 5 सितंबर 2026 को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य हिस्सों में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं बाकी जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 5 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी बिहार के जिलों में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है. उत्तर-मध्य बिहार में भी गरज-चमक के साथ इसी गति से हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी जाती है. जानें बिहार कल के मौसम का हाल.
चंपारण में भारी बारिश का अलर्ट
कल यानी 5 सितंबर को पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी बिहार के अन्य हिस्सों में भी बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम में अचानक बदलाव को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.
अगले 5 दिन तापमान में बड़ा बदलाव नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. वहीं अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में भी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं. मौसम में बदलाव की प्रमुख वजह मध्य प्रदेश के मध्य हिस्से और उससे सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया है। इससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण और मौसमी सिस्टम का प्रभाव बिहार समेत आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है. इसके चलते राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतें और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें.