दरभंगा से जयपुर अमृत भारत एक्सप्रेस टाइम टेबल

बिहार-राजस्थान के बीच दौड़ेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस, जानें रूट और टाइमिंग

दरभंगा-जयपुर के बीच शुरू हुई नई अमृत भारत एक्सप्रेस। 22 जून से नियमित सेवा, सप्ताह में 6 दिन चलेगी। यूपी-बिहार और राजस्थान के 12 बड़े शहरों को जोड़ेगी। छात्र, व्यापारी और प्रवासियों को मिलेगा सीधा लाभ

By : Anshuman Parashar
बिहार-राजस्थान के बीच दौड़ेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस, जानें रूट और टाइमिंग

न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार और राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए एक बेहद शानदार खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने दोनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए दरभंगा और जयपुर (खातीपुरा) के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने का एलान किया है। इस अत्याधुनिक और किफायती ट्रेन के चलने से उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के लाखों लोगों का सफर बेहद आरामदायक हो जाएगा।

आज से हुआ उद्घाटन, कल से नियमित सेवा

इस नई रेल सेवा का उद्घाटन आज यानी 21 जून को विशेष ट्रेन संख्या 09711 के रूप में जयपुर के खातीपुरा स्टेशन से किया गया है। वहीं, आम यात्रियों के लिए इसकी नियमित सेवा 22 जून से खातीपुरा से और 23 जून से दरभंगा से शुरू कर दी जाएगी।

हफ्ते में 6 दिन दौड़ेगी ट्रेन, मिलेंगे 22 डिब्बे

ट्रेन संख्या 19725/19726 खातीपुरा-दरभंगा-खातीपुरा अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन पटरियों पर दौड़ती नजर आएगी।

  • खातीपुरा से: यह ट्रेन हर शुक्रवार को छोड़कर हफ्ते के बाकी सभी दिन चलेगी।

  • दरभंगा से: यह ट्रेन हर रविवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी दिन रवाना होगी।

  • कोच की व्यवस्था: इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 22 कोच लगाए गए हैं। इसमें 8 स्लीपर क्लास, 11 जनरल (सामान्य द्वितीय श्रेणी) कोच, 1 पेंट्रीकार और 2 एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं।

यूपी-बिहार और राजस्थान के इन बड़े शहरों को जोड़ेगी

यह ट्रेन तीन बड़े राज्यों के मुख्य व्यापारिक और सांस्कृतिक केंद्रों को आपस में जोड़ेगी। अपने सफर के दौरान यह ट्रेन दौसा, भरतपुर, आगरा, टूंडला, कानपुर, लखनऊ, गोंडा, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और जनकपुर रोड जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए दरभंगा पहुंचेगी। इससे मिथिलांचल के लोगों को सीधे राजस्थान की राजधानी जयपुर और पश्चिमी भारत तक आने-जाने के लिए एक सस्ता और बेहतरीन विकल्प मिल गया है।

कई अन्य ट्रेनों के समय में हुआ बदलाव

अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन को सुचारू बनाने के लिए रेलवे ने कुछ अन्य ट्रेनों के टाइम टेबल में भी आंशिक बदलाव किया है:

  • गोमतीनगर-दरभंगा अमृत भारत (15562): 28 जून से यह ट्रेन दोपहर 1:15 बजे के बजाय अब 1:50 बजे दरभंगा पहुंचेगी।

  • नरकटियागंज-बढ़नी पैसेंजर (55039): इस ट्रेन के खुलने का समय भी 23 जून से बदल दिया गया है।

छात्र, व्यापारी और प्रवासी मजदूरों को मिलेगा सीधा फायदा

पूर्व मध्य रेल (ECR) के मुताबिक, इस नई ट्रेन सेवा की शुरुआत से दोनों राज्यों के बीच आपसी संबंध और मजबूत होंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा उन लाखों प्रवासी श्रमिकों, छात्रों और छोटे-बड़े व्यापारियों को मिलेगा जो अक्सर रोजगार, शिक्षा और बिजनेस के सिलसिले में बिहार से राजस्थान और उत्तर प्रदेश की यात्रा करते हैं।