न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
नमो नारायण मिश्रा/गोपालगंज: गोपालगंज में गंडक नदी में नेपाल की ओर से बहकर बड़ी संख्या में पहुंच रही मरी हुई मछलियों को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों को सावधान किया है। डीएम समीर सौरभ ने साफ अपील की है कि नदी से बहकर आने वाली मरी मछलियों को न खरीदें, न बेचें और न ही किसी भी हालत में उनका सेवन करें।
गंडक नदी में लगातार बहकर आ रही मरी हुई मछलियों को लेकर लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है। इसी को देखते हुए गोपालगंज जिला प्रशासन ने आम लोगों और मछली कारोबारियों के लिए सावधानी बरतने की अपील जारी की है।
डीएम समीर सौरभ ने कहा है कि नेपाल से गंडक नदी के रास्ते बहकर आ रही मरी हुई मछलियों का सेवन बिल्कुल न करें। प्रशासन ने लोगों से ऐसी मछलियों की खरीद-बिक्री से भी पूरी तरह बचने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि कुछ लोग नदी से मरी हुई मछलियां पकड़कर बाजार में बेचने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन ने ऐसे लोगों और मछली कारोबारियों को भी चेतावनी दी है कि इन मछलियों को दूसरे बाजारों तक न भेजें।
मछलियों के मरने की वजह फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। ऐसे में प्रशासन ने स्वास्थ्य संबंधी किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए लोगों को इन मछलियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
मामले को लेकर मत्स्य विभाग की ओर से भी सूचना जारी की गई है। प्रशासन का कहना है कि जब तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक गंडक नदी से बहकर आने वाली मरी मछलियों का सेवन या कारोबार न किया जाए। डीएम की अपील - मरी मछली से रहें दूर, सेहत से न करें खिलवाड़!