राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
शेरघाटी/डेस्क: मामला बाराचट्टी थाना क्षेत्र के कुरवामां गांव का है. ग्रामीणों के अनुसार मृतक गुलाब चंद प्रसाद एक मृदुभाषी और समाजसेवी स्वभाव के व्यक्ति थे और गांव में उनकी अच्छी प्रतिष्ठा थी. बुधवार की देर यह दर्दनाक घटना हुई. बताया जाता है कि गुलाब चंद प्रसाद के भतीजे चंदन कुमार का अपने पड़ोसी प्रमोद यादव से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. इसी दौरान झगड़े को शांत कराने और बीच-बचाव करने के लिए गुलाब चंद प्रसाद मौके पर पहुंचे. इसी बीच गुस्से में आकर चंदन कुमार ने अपने घर की छत से ईंट उठाकर अपने चाचा पर जोरदार वार कर दिया. ईंट लगते ही गुलाब चंद प्रसाद गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और उनके सिर से काफी खून बहने लगा.
घटना के बाद आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए गया एम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया. परिजनों के अनुसार पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया. ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. बताया जाता है कि गुलाब चंद प्रसाद के तीन पुत्र हैं.
घटना की सूचना मिलते ही बाराचट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. थाना अध्यक्ष सह निरीक्षक अर्मेदर किशोर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया भेज दिया है.
यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर बिहार की राजनीति गर्म, जेडीयू कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध