न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: मुर्गी फार्म में आपने मुर्गा और अंडा तो खूब देखा होगा लेकिन किसी मुर्गी फार्म से शराब की बोतलें निकलते देखी हैं? बिहार में शराबबंदी के बाद तस्करों ने शराब छिपाने के ऐसे-ऐसे ठिकाने तलाश लिए हैं, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह जाए। कभी लग्जरी कार, कभी एंबुलेंस तो कभी ट्रेन के जरिए शराब तस्करी की खबरें सामने आती रही हैं,लेकिन कटिहार में तस्करों ने शराब छिपाने के लिए मुर्गी फार्म को ही बना डाला ठिकाना।
मामला कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने एक मुर्गी फार्म में छापेमारी कर करीब 381 लीटर विदेशी ब्रांडेड शराब बरामद की है। दरअसल, बरारी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुजापुर पंचायत के हटियाटोल गांव स्थित नहर किनारे एक मुर्गी फार्म में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है। सूत्र बताते हैं कि सूचना के सत्यापन के बाद बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई कौशल कुमार, एसआई राजनेता कुमार और एसआई आलोक कुमार समेत पुलिस बल शामिल थे।
पुलिस टीम ने हटियाटोल गांव के नहर पर स्थित आनंद मंडल के मुर्गी फार्म में अचानक छापेमारी की और जब वहां रखे भूसे को हटाया गया तो पुलिस के भी होश उड़ गए। भूसे के नीचे मुर्गा या दाना नहीं,बल्कि छिपाकर रखी गई थी शराब की बड़ी खेप। पुलिस ने मौके से करीब 381 लीटर विदेशी ब्रांडेड शराब बरामद कर विधिवत जब्ती सूची तैयार की और शराब को जप्त कर थाने ले आई।
फिलहाल बरारी पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। जिस मुर्गी फार्म में मुर्गा और अंडा मिलना चाहिए था। वहां शराब मिलने से पुलिस अब इस शराब तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, खंगालने में लगी हुई है।