चंद्र प्रकाश/न्यूज़11 भारत
मुजफ्फरपुर/डेस्क: बिहार के मुजफ्फरपुर में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है. अहियापुर थाना क्षेत्र के अब्दुल नगर गांव में रात के अंधेरे में प्रेमिका से चोरी छिपे मिलने उसके घर पहुंचे.ग्रामीणों ने युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया.युवक को घर पर ही रोक लिया.इसके बाद ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर दोनों की शादी करा दी गई. जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, युवक-युवती की शादी हो चुकी थी. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
फोन पर 6 महीने से चल रहा था अफेयर
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती के बीच पिछले करीब छह महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों फोन पर लगातार बातचीत करते थे और एक-दूसरे के संपर्क में थे. युवती के अनुसार, युवक पहले भी कई बार उससे मिलने उसके घर आ चुका था.लेकिन इस बार जैसे ही युवक रात में प्रेमिका के घर पहुचा की भनक ग्रामीणों को लग गई, जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और युवती के घर में ही रोक लिया.
*घर मे ही गूंजे विवाह के गीत, ग्रामीणों ने रचाई शादी
ग्रामीणों और लड़की पक्ष के लोगों ने दोनों की शादी कराने का फैसला किया.देखते ही देखते घर मे महिलाओं ने शादी के पारंपरिक गीत गाने शुरू कर दिए और विवाह की रस्मे निभाई जाने लगी. इसके बाद घर में ही शादी की रस्में शुरू कर दी गईं. ग्रामीणों की मौजूदगी में प्रेमी ने युवती की मांग में सिंदूर भर दिया और दोनो की शादी सम्पन्न करा दी गई. इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
पुलिस के पहुचने से पहले हो चुकी थी शादी
घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई.सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम समेत पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण स्तर पर दोनों की शादी कराई जा चुकी थी. पुलिस ने दोनो नवविवाहित जोड़े को थाने लेकर पहुंची और मामले की जानकारी ली.
युवती ने कहा- युवक साथ रखने के लिए तैयार
युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब छह महीने से युवक से फोन पर बातचीत कर रही थी. उसके अनुसार, युवक उसे अपने साथ रखने के लिए तैयार है, लेकिन युवक के माता-पिता इस रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं.
पुलिस ने दोनों को पीआर बांड पर छोड़ा
अहियापुर थानाध्यक्ष के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक युवती से मिलने उसके घर आया था, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया. इसके बाद दोनों की शादी कराए जाने की जानकारी सामने आई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को थाने लाया गया. पूछताछ के दौरान युवक और युवती दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताई. इसके बाद परिजनों की सहमति और स्थानीय जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में दोनों को पीआर बांड पर छोड़ दिया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.