न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: नवादा जिले के कन्या उच्च विद्यालय में नूतन उद्यया फाउंडेशन ने एक प्रभावशाली अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया. फाउंडेशन की संचालिका प्रगति श्रीवास्तव की देखरेख में यह कार्यक्रम स्कूल की छात्राओं के बीच आयोजित हुआ, जहाँ उनकी मानसिक स्थिति, बौद्धिक विकास और दैनिक चुनौतियों पर गहन चर्चा हुई. कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को उनकी भावनाओं को खुलकर व्यक्त करने का माहौल प्रदान करना था. प्रगति श्रीवास्तव ने छात्राओं से कहा कि आप लोग अपनी हर भावना को बेझिझक साझा करें, क्योंकि हम महिलाएं है और कुछ बातें ऐसी होती है, जो घर पर नहीं कह पातीं, लेकिन यहां पूरी सुरक्षा और समझदारी के साथ सब कुछ व्यक्त कर सकती है. फाउंडेशन की सेक्रेटरी संध्या सिंह ने जोर दिया कि बढ़ती उम्र में लड़कियों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए इस तरह के जागरूकता अभियान उन्हें मजबूत और आत्मविश्वासी बनाते है.
महिला चिकित्सकों द्वारा विशेष स्वास्थ्य परामर्श
कार्यक्रम में जिले की प्रसिद्ध महिला चिकित्सकों ने सक्रिय भाग लिया. डॉ. गिसु श्वेता और डॉ. शिप्रा ने लड़कियों को महिलाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, जैसे मासिक धर्म स्वास्थ्य, महामारी जैसी बीमारियों की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता और मानसिक तनाव प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी. डॉक्टरों ने छात्राओं के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी. यह सत्र न केवल जानकारीपूर्ण था, बल्कि छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ. फाउंडेशन की बेहतरीन पहल को देखते हुए यह कार्यक्रम लड़कियों के समग्र विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ है.
शिक्षकों और समाज की सराहना, आगे भी सहयोग की अपील
कार्यक्रम में सरिता सिंह, मंजू कुमारी, सावित्री आर्य, डॉली गुप्ता, निशिता और निशिता वर्मा सहित कई गणमान्य महिलाएं उपस्थित रही. स्कूल के शिक्षकों ने नूतन उदय फाउंडेशन को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाते है. उन्होंने फाउंडेशन से भविष्य में भी इसी तरह के शैक्षिक और स्वास्थ्य संबंधी आयोजन जारी रखने की अपील की. प्रगति श्रीवास्तव के नेतृत्व में फाउंडेशन पहले भी महिला सशक्तिकरण, वृद्धजनों की मदद और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय रहा है. यह कार्यक्रम नवादा में लड़कियों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, जो समाज को मजबूत बनाने में योगदान देगा.
यह भी पढ़े: समस्तीपुर में वाणिज्य कर विभाग की बड़ी कार्रवाई, हार्डवेयर कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी