न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें दोपहर की गर्मी में स्कूल आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला दंडाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों की समय-सारिणी में बदलाव का आदेश जारी किया है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि भीषण गर्मी के कारण किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।
हाईलाइट्स -
- पटना DM ने भीषण गर्मी को देखते हुए जारी किया आदेश
- प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी समेत 8वीं तक के स्कूल सुबह 11 बजे तक ही खुलेंगे
- 11 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर पूरी तरह रोक
- आदेश 18 मई से 21 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा
- बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला
11 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक
पटना जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित 8वीं कक्षा तक के सभी विद्यालय अब सुबह 11 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे। 11 बजे के बाद किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। डीएम ने स्कूल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपनी कक्षाओं और अन्य गतिविधियों का समय पुनर्निर्धारित करें। आदेश में कहा गया है कि दोपहर के समय तापमान काफी अधिक हो रहा है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि स्कूल प्रबंधन आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी तरह की लापरवाही सामने न आए।
21 मई तक प्रभावी रहेगा आदेश
जिला दंडाधिकारी की अदालत की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत यह निर्देश जारी किया गया है। आदेश 18 मई 2026 से 21 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी अतिरिक्त कदम उठाए जा सकते हैं। इधर, अभिभावकों ने प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया है। कई अभिभावकों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी में छोटे बच्चों को स्कूल भेजना चिंता का विषय बन गया था। ऐसे में प्रशासन का यह कदम राहत देने वाला है। मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने और दोपहर में अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
इसे भी पढ़ें - राजगीर पहुंचे सम्राट चौधरी, जू-सफारी और ग्लास ब्रिज में आधुनिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा