न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा के प्रतीक Rajgir Malmas Mela 2026 का शुभारंभ रविवार को भव्य तरीके से हुआ। प्राचीन धार्मिक नगरी राजगीर में आयोजित इस मेले का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा मेला क्षेत्र श्रद्धालुओं, साधु-संतों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ से गुलजार हो उठा। मंदिरों में पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह मेला बिहार की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर का प्रतीक है तथा राज्य की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करता है।
हाईलाइट्स -
- सम्राट चौधरी ने राजगीर मलमास मेला-2026 का फीता काटकर किया उद्घाटन
- श्रद्धालुओं, साधु-संतों और पर्यटकों की भारी भीड़ से गुलजार हुआ राजगीर
- मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को लेकर दिया भरोसा
- जू-सफारी, ग्लास ब्रिज और नेचर सफारी बने पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र
- धार्मिक पर्यटन के साथ इको-टूरिज्म हब के रूप में उभर रहा है राजगीर
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मलमास मेला केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने वाला बड़ा मंच भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास और यातायात जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। प्रशासन की ओर से भी पूरे मेला क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मेले को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
राजगीर के ब्रह्मकुण्ड परिसर में पवित्र मलमास मेला का उद्घाटन किया तथा विधिवत पूजन एवं महा आरती कार्यक्रम में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं का अवलोकन एवं चल रहे अनेक विकासात्मक योजनाओं का समीक्षा भी किया।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 17, 2026
मलमास मेला सनातन परंपरा में… pic.twitter.com/pcJreKJK0W
जू-सफारी और ग्लास ब्रिज बने आकर्षण का केंद्र
इधर, हाल के वर्षों में राजगीर में विकसित जू-सफारी, ग्लास ब्रिज और नेचर सफारी जैसे आधुनिक पर्यटन स्थलों ने भी लोगों को आकर्षित किया है। बड़ी संख्या में पर्यटक धार्मिक यात्रा के साथ इन स्थलों का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। जू-सफारी और नेचर सफारी में जैव विविधता संरक्षण की पहल लोगों को प्रकृति से जोड़ने का काम कर रही है, जबकि ग्लास ब्रिज रोमांच और आधुनिक पर्यटन का नया आकर्षण बन चुका है। इन प्रयासों से राजगीर का महत्व धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के साथ-साथ पर्यावरणीय और पर्यटन दृष्टि से भी लगातार बढ़ रहा है।
इसे भी पढ़ें - भाजपा प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने वंदे भारत से पहुंचे संजय सरावगी, विपक्ष पर बोला हमला