धीरज कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
जमुई/डेस्क: जमुई में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी रामधारी तुरी को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी झाझा थाना क्षेत्र के पन्ना गांव में देर रात हुई. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस वाहन की चपेट में आने से तीन ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
रामधारी तुरी लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र से अपहरण कांड के मामले में फरार चल रहा था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह अपने कुछ साथियों के साथ पन्ना गांव में छिपा हुआ है.
सूचना के आधार पर झाझा थाने की पुलिस और डीआईयू की टीम सादे लिबास में छापेमारी करने पहुंची. टीम में झाझा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
पुलिस को सादे लिबास में देखकर स्थानीय आदिवासियों को लगा कि वे किसी अपराधी गिरोह के सदस्य हैं. इसके बाद आदिवासियों ने अपने पारंपरिक ढोल-नगाड़े बजाना शुरू कर दिया और पुलिस टीम को चारों ओर से घेर लिया. खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपी रामधारी तुरी को लेकर झाझा थाने की ओर भागने लगी. इसी क्रम में पुलिस के वाहन से तीन ग्रामीण घायल हो गये जिनमें 2 की हालत गंभीर है.
यह भी पढ़ें: वैशाली में गोपालपुर के निजी छात्रावास में एक मासूम की निर्मम हत्या, आठ साल के बच्चे को गला काटकर मारा