न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना: बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा निर्देश दिया है। गंगा के तटवर्ती जिलों में प्रभारी मंत्री और प्रभारी सचिव दौरा करेंगे। बक्सर से कटिहार तक गंगा के तटवर्ती 13 जिलों के प्रभारी मंत्री और सचिव को निगरानी का जिम्मा दिया गया है।
प्रभारी मंत्री और सचिव बाढ़ प्रभावित इलाकों में कैंप कर राहत-बचाव कार्य की निगरानी करेंगे। बक्सर, भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, बेगूसराय, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और कटिहार के लिए निर्देश जारी किया गया है।
बता दें कि बढ़ते जलस्तर के बीच राहत-बचाव कार्यों के गहन पर्यवेक्षण का निर्देश दिया गया है। पटना शहरी क्षेत्र में गंगा के बढ़ते जलस्तर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा पटना शहरी सुरक्षा तटबंध के आसपास के इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
सरकार की तरफ से पटना नगर निगम, जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग को अलर्ट रहने का निर्देश जारी किया गया है।