न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: नवादा जिले के वारिसलीगंज में लोन दिलाने के नाम पर दूसरे राज्यों के लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ वारिसलीगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शाम गुप्त सूचना पर बैगराजपुर स्थित सरकारी विद्यालय और एचडीएफसी बैंक के समीप छापेमारी की। बैगराजपुर से पांच और बैंक के पास से दो आरोपित पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपितों में अमित कुमार, संतोष कुमार, आशुतोष कुमार, गोपाल कुमार, रजनीश कुमार, संजय कुमार और रूपेश कुमार शामिल हैं। इनके पास से 13 एंड्रॉयड मोबाइल, 9,500 रुपये नकद, ग्राहक डाटा और फिनो बैंक का एटीएम कार्ड बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, आरोपित बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस समेत अन्य कंपनियों के नाम पर लोन दिलाने का झांसा देते थे। ग्राहक डाटा में दर्ज नंबरों पर फोन कर शुल्क के नाम पर ऑनलाइन रुपये मंगाए जाते थे। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।