न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
शम्भू भगत/भागलपुर: भागलपुर में बाढ़ ने लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी है। गांव की सड़कें पानी में डूब गई हैं। घरों में बाढ़ का पानी घुसा है और कई इलाकों तक पहुंचना भी आसान नहीं है। लेकिन इन मुश्किल हालातों के बीच शाहकुंड की अंचलाधिकारी हर्षा कोमल का एक अलग ही अंदाज देखने को मिल रहा है।
राहत सामग्री पहुंचाने के लिए अधिकारी न तो सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित हैं और न ही दफ्तर में बैठकर हालात का जायजा ले रही हैं। बल्कि खुद ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंच रही हैं।
ट्रैक्टर पर सूखा राशन लोड है और आगे-आगे बाढ़ का पानी लेकिन हर्षा कोमल का हौसला कम नहीं हो रहा। जहां सड़क डूब गई वहां ट्रैक्टर से पहुंचीं और जहां पानी ज्यादा मिला वहां खुद पानी में उतरकर लोगों तक राहत पहुंचाई।
शाहकुंड की दर्जनों पंचायतें बाढ़ की चपेट में हैं। ऐसे में अंचलाधिकारी की यह जमीनी सक्रियता ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। राहत सामग्री लेकर जैसे ही गांव में ट्रैक्टर पहुंचता है लोग दूर से ही आवाज लगाने लगते हैं ट्रैक्टर वाली मैडम आ गईं। बाढ़ की त्रासदी के बीच अधिकारी का यह अंदाज अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है और लोगों के बीच उनकी खूब चर्चा हो रही है।