न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
जयप्रकाश वर्मा / पश्चिम चम्पारण: पश्चिम चंपारण के बगहा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़ियाड़ी बंगाली टोला में बाघ के हमले में एक युवक की मौत के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने वाल्मीकिनगर-मदनपुर स्टेट हाईवे पर भेड़ियारी चौक के पास सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार, भेड़ियाड़ी बंगाली टोला निवासी हरि हौलदार के पुत्र विजय हौलदार अपने घर के पीछे खेत में घास काट रहे थे। इसी दौरान वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जंगल से निकलकर आए बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बाघ के हमले में विजय हौलदार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी और एसडीपीओ निहार भूषण , एसएसबी के सहायक कमांडेंट अवधेश कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
इधर, विजय हौलदार की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा वन विभाग के खिलाफ भड़क उठा। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को ग्रामीणों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। आक्रोशित लोगों ने वन विभाग की गाड़ी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गाड़ी को क्षतिग्रस्त करने के साथ उसे पलटने की भी बात सामने आ रही है।
इसके बाद बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीण वाल्मीकिनगर-मदनपुर स्टेट हाईवे के भेड़ियारी चौक पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण बाघ के हमले पर तत्काल कार्रवाई, लोगों की सुरक्षा और वन विभाग की व्यवस्था को लेकर आक्रोश जता रहे हैं।
सड़क जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई। वहीं, प्रशासन की टीम स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत, तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम बाघ की गतिविधियों पर नजर रख रही है और उसके मूवमेंट का पता लगाने में जुटी है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर कैंप कर रही है।
बाघ के हमले में एक युवक की मौत और उसके बाद सड़क जाम तथा वन विभाग की गाड़ी पर हुए हमले ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।