न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
राजू राज/दानापुर: पटना दानापुर दियारा में जंगली सुअर का आतंक बना हुआ है। सुअर काटने से एक बच्ची की मौत व एक युवक जख्मी हो गया है। दानापुर में बाढ़ से पूरा दियारा जलमग्न हो गया है। शनिवार की सुबह दियारा के हेतनपुर व पुरानी पानापुर गांव में बाढ़ में बह कर आई जंगली सुअर का आतंक बना हुआ है। दाउदपुर निवासी संजय राय की पुत्री राधा कुमारी (8) ननिहाल हेतनपुर गई थी।
मृतका के परिजनों ने बताया कि बाढ़ का पानी घर में घुसा है और बाढ़ में बह कर आए एक जंगली सुअर ने बच्ची पर हमला कर दिया है। सुअर ने हमले में बच्ची का पेट फाड़ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पूर्व मुखिया कन्हैया राय ने बताया कि हमले के बाद एसडीआरएफ के सहयोग से बच्ची को पीपा पुल घाट पर लाया गया और वहां से अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि पुरानी पानापुर गांव निवासी सुभाष राय के पुत्र सुनील राय (40) शनिवार सुबह पशुओं को चारा देने जा रहे थे। उसी दौरान एक जंगली सुअर ने हमला कर दिया। बता दें कि शुक्रवार को पुरानी पानापुर निवासी अजीत की पुत्री पर जंगली सुअर हमला कर दिया था और बच्ची को बचाने में मां पर जंगली सुअर हमला कर जख्मी कर दिया था। एक युवक को भी सुअर ने जख्मी कर दिया गया था।
दियारा में एक तरफ लोग बाढ़ से परेशानी हैं, वहीं दूसरी ओर जंगली सुअर के आतंक से लोग दहशत में जी रहे हैं। अभी तक प्रशासन द्वारा कोई उचित पहल नहीं किया गया है।