न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पवन कुमार सिंह / छपरा - छपरा स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण प्रौद्योगिकी संस्थान (LNJPIT) में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शिक्षक और छात्रा का कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। रविवार को वीडियो सामने आते ही संस्थान प्रशासन हरकत में आ गया, वहीं छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
हाईलाइट्स:
- छपरा के LNJPIT में शिक्षक-छात्रा का कथित वीडियो वायरल
- होटल का बताया जा रहा वीडियो, कॉलेज परिसर का नहीं
- वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं
- छात्रों में भारी आक्रोश, कार्रवाई की मांग
- प्राचार्य ने गठित की आंतरिक जांच समिति
- दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद होगी कार्रवाई
होटल का बताया जा रहा वीडियो
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो किसी होटल के कमरे का बताया जा रहा है, न कि कॉलेज परिसर का। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान संस्थान के एक प्राध्यापक के रूप में की जा रही है, जबकि छात्रा सत्र 2024-28 की बताई जा रही है। हालांकि, इस वीडियो की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
छात्रों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
वीडियो सामने आने के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया है। छात्रों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं संस्थान की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं और शैक्षणिक माहौल पर भी असर डालती हैं। सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई है।
प्रबंधन ने बनाई जांच समिति
मामले की गंभीरता को देखते हुए संस्थान के प्राचार्य विमल कुमार ने तत्काल आंतरिक जांच समिति गठित कर दी है। प्राचार्य ने बताया कि वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। संबंधित पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शांति बनाए रखने की अपील
फिलहाल संस्थान प्रशासन ने छात्रों से संयम बरतने और परिसर में शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रबंधन का कहना है कि सच्चाई सामने आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें - सस्पेंस बरकरार: बिहार में नई सरकार का काउंटडाउन शुरु, पटना बना हाई सिक्योरिटी ज़ोन