न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद के वासेपुर में आज सोमवार को दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. व्यस्ततम भुली मोड़ के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने फहीम खान के भाई सानु खान (अंडा कारोबारी), छपरा स्टोर के मालिक चंकी और एक महिला पर गोली चला दी. घटना में तीनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, बरवाअड्डा थाना प्रभारी, बैंक मोड़ थाना प्रभारी और भुली ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए हैं. सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल तीनों घायलों का इलाज चल रहा है और सभी खतरे से बाहर हैं. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. पुलिस ने वारदात को लेकर जांच तेज कर दी है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: पलामू में NH-39 पर लूट से सनसनी, बदमाशों ने बंदूक की नोक पर लूटी पल्सर बाइक