न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: जिले में कई सालों बाद हथियार के बल पर एक बार फिर NH में लूट की घटना हुई. आज सोमवार सुबह-सुबह एनएच-39 पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक राहगीर को निशाना बनाते हुए उसकी पल्सर बाइक (जेएच-03AQ-3836) छीन ली. यह घटना पोलपोल और पोखराहा के बीच करीब 5 बजे सुबह की है.
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार विश्रामपुर थाना क्षेत्र के गोदरमा कला निवासी विष्णु प्रजापति लातेहार के मनिका स्थित अपने किसी रिश्तेदार के घर से बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उन्हें रोककर इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए.
घटना के फौरन बाद पीड़ित सतबरवा थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी. इस संबंध में सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है. साथ ही, यह पता लगाने के लिए छानबीन तेज कर दी गई है कि इस वारदात के पीछे आखिर कौन से अपराधी या गिरोह के लोग शामिल थे. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: न्यूज 11 भारत की खबर का असर, विधायक की पहल पर RCD ने भरवाएं सड़क के गड्ढे