न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: पूर्णिया से बिहार को 36 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे पीएम मोदी ने बिहार और देश के दूसरे राज्यों में हो रहे बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर न सिर्फ चेतावनी दी बल्कि उनका समर्थन करने वाली पार्टियों को चेतावनी दी कि जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में उन्हें करारा जवाब देने जा रही है. पीएम मोदी ने 36 हजार की योजनाओं की सौगात देने के बाद यह भी कहा कि पिछले 11 साल में उनकी सरकार ने देश में 4 करोड़ नए घर बनाकर लोगों को देने का काम किया है. अभी 3 करोड़ और नए घर बनाकर सरकार देने जा रही है. उन्होंने कहा कि जब तक हर गरीब के पास पक्का घर नहीं हो जाता वह रुकने वाले नहीं हैं.
घुसपैठियों का समर्थन करने के लिए आरजेडी और कांग्रेस को लिए आड़े हाथ
पूर्णिया रैली में मंच से पीएम मोदी ने आरजेडी और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ये दोनों पार्टियां घुसपैठियों के समर्थन में खड़ी हैं. इन दोनों पार्टियों को आने वाले चुनाव में जनता कड़ा जवाब देने जा रही है. पीएम ने कहा कि उनकी सरकार घुसपैठियों पर न सिर्फ कड़ी कार्रवाई करेगी, बल्कि जो गलत तरीके से भारत में घुस आये हैं, उन्हें बाहर जाना ही होगा. पीएम ने कहा कि पूर्णिया और सीमांचल का विकास काफी जरूरी है, लेकिन इन घुसपैठियों के कारण यह अब तक अधूरा है. इसके लिए आरजेडी और कांग्रेस सरकारें जिम्मेवार हैं और इन सरकारों के कार्यकाल में इन क्षेत्रों को काफी नुकसान हुआ है. पीएम मोदी ने याद दिलाया कि घुसपैठियों की वजह से बिहार, बंगाल और असल के लोगों को अपनी बहन- बेटियों की हमेशा चिंता रहती हैं. मगर कांग्रेस और राजद के लोग घुसपैठियों की वकालत कर रहे हैं. यह लोग घुसपैठियों के लिए नारे भी लगा रहे हैं और इसके साथ यात्रा भी कर रहे हैं.
पीएम मोदी ने . कांग्रेस और आरजेडी पर तंज कहते हुए कहा कि ये ऐसी पार्टियां हैं जिन्हें देश और राज्य की चिंता नहीं है, इन्हें चिंता है तो बस अपने परिवार की. मगर मोदी के लिए जनता ही उसका परिवार है. पीएम मोदी ने मंच से बिहार की जनता को यह याद दिलाया कि आने वाले 22 सितंबर से जीएसटी की दरें कम हो जाएंगी. इसके बाद रोजमर्रा जरूरतों की वस्तुओं के दामों में काफी कमी आ जायेगी.
पीएम मोदी ने पूर्णिया हवाई अड्डा का किया उद्घाटन
पीएम मोदी ने इस दौरे पर पूर्णिया हवाई अड्डे का उद्घाटन किया. बता दें कि कोलकता के बाद यह पूर्वी भारत और बिहार का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है. 2,800 मीटर लंबे रनवे पर एयरबस और बोइंग का भी परिचालन सम्भव हो सकेगा. यानी इस क्षेत्र से हवाई यातायात सुगम होगी. एयरपोर्ट के लिए 4 हजार वर्ग मीटर में फैला टर्मिनल भवन बनाया गया है जो अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है. यानी अब पूर्णिया जैसा पिछड़ा इलाका कनेक्टिविटी के मामले में दूसरे इलाकों की बराबरी करने लगेगा.
यह भी पढ़ें: 'SIR में कुछ भी गड़बड़ हुआ तो रद्द होगी सारी प्रक्रिया' सुप्रीम कोर्ट की यह चेतावनी अब विपक्ष के लिए बनेगी चुनौती!