न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: गुजरात के बनासकांठा जिले के दांता तालुका स्थित पडलिया गांव में शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वन क्षेत्र में सर्वे और पौधरोपण कार्य कर रही सरकारी टीम पर अचानक भीड़ ने हमला कर दिया. पुलिस, वन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम पर करीब 500 लोगों ने घेरकर पथराव शुरू कर दिया.
47 अधिकारी घायल, अस्पतालों में भर्ती
इस हिंसक घटना में कुल 47 अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए. अधिकारियों के मुताबिक, 36 घायलों को अंबाजी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 11 अधिकारियों को बेहतर इलाज के लिए पालनपुर सिविल अस्पताल रेफर किया गया हैं. राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही हैं. बनासकांठा के कलेक्टर मिहिर पटेल ने बताया कि हमला शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ. जब टीम वन विभाग के सर्वे नंबर-9 क्षेत्र में नर्सरी और पौधरोपण से जुड़ा काम कर रही थी, तभी भीड़ ने अचानक पथराव शुरू कर दिया. हालात तब और बिगड़ गए जब हमलावरों ने धनुष-बाण का भी इस्तेमाल किया.
हमले की वजह अब भी साफ नहीं
यह इलाका प्रसिद्ध तीर्थस्थल अंबाजी से करीब 14 किलोमीटर दूर स्थित हैं. फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई हैं. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ हैं.