80वां स्वतंत्रता दिवस

चंदनकियारी प्रखंड में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में शान से लहराया तिरंगा

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंदनकियारी प्रखंड में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया.

By : Ark Sahuliyar
चंदनकियारी प्रखंड में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में शान से लहराया तिरंगा

ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क:
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंदनकियारी प्रखंड में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में प्रखंड प्रमुख निवारण सिंह चौधरी ने तिरंगा फहराया. इस दौरान बीडीओ अजय कुमार वर्मा एवं सीओ रवि कुमार आनंद समेत प्रखंड एवं अंचल के पदाधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत कर समारोह को देशभक्ति के रंग में रंग दिया.

प्रखंड परिषद परिसर को बीडीओ अजय कुमार वर्मा के निर्देश पर आकर्षक ढंग से सजाया गया था. झंडोत्तोलन के बाद बीडीओ अजय कुमार वर्मा ने प्रखंडवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. उन्होंने कहा कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में ग्रामीणों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. सरकारी कार्यों को डिजिटल माध्यम से करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी कार्यालयों में लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्य आधुनिक एवं सुगम तरीके से संचालित हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा.

वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदनकियारी में चिकित्सा प्रभारी डॉ. तृप्ति पांडे ने ध्वजारोहण किया. चंदनकियारी थाना परिसर में थाना प्रभारी अमित कुमार राय, आमलाबाद ओपी में ओपी प्रभारी कौशलेंद्र कुमार, भोजुडीह ओपी में ओपी प्रभारी कुंदन कुमार, बरमसिया ओपी में ओपी प्रभारी शैलेंद्र कुमार तथा बांगड़िया ओपी में ओपी प्रभारी शुभम कुमार ने तिरंगा फहराकर सलामी दी.

इसके अलावा प्रखंड के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया. विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए. बच्चों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.

प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया. बरियाडीह पंचायत में मुखिया प्रियंका सिंह, शिउबाबुडीह पंचायत में मुखिया राजेश ठाकुर, बगुला पंचायत में मुखिया श्याम पोदो गोराई तथा बांसतोड़ा पंचायत में मुखिया विप्लव चक्रवर्ती ने पंचायत भवन परिसर में तिरंगा फहराया. इसके अलावा प्रखंड की अन्य सभी पंचायतों के पंचायत भवनों में भी मुखियाओं द्वारा ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया. पूरे प्रखंड क्षेत्र में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की एकता, अखंडता एवं विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.