प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: भरनो बाजार टांड़ से सोमवार की शाम धार्मिक आस्था और उत्साह के माहौल में 51 श्रद्धालुओं का जत्था उज्जैन स्थित भगवान महाकालेश्वर के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए बस से रवाना हुआ. यात्रा के दौरान पूरा वातावरण "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंज उठा. श्रद्धालुओं में महाकाल के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली. यह तीर्थयात्रा संजय गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित की गई. रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का स्मरण कर सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की. परिजनों और स्थानीय लोगों ने यात्रियों को फूल-मालाएं पहनाकर तथा शुभकामनाएं देकर विदा किया. इस अवसर पर भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह एवं सब इंस्पेक्टर अभिनंदन कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे.
उन्होंने सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं. थाना प्रभारी ने कहा कि तीर्थयात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु सावधानी बरतें, अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति या परेशानी होने पर तुरंत डायल 112 पर संपर्क करें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति में यात्रियों की सहायता के लिए तत्पर रहेगी. यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है. सभी श्रद्धालु भगवान महाकाल से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना करेंगे. उपस्थित सभी ने यात्रियों की मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए उन्हें हर्षोल्लास के साथ विदा किया. इस अवसर पर नारायण साव,मनोहर लाल केशरी,राजेश केशरी,विनोद केशरी,बजरंग महतो,अजीत केशरी,बजरंग केशरी,शंकर केशरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं श्रद्धालुओं के परिजन उपस्थित रहे.