प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया जाएगा.इसको लेकर सोमवार को प्रखंड के विभिन्न स्कूलों में बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई.इसी क्रम में प्लस टू हाई स्कूल भरनो में स्कूल की प्रचार्या वरदानी टोप्पो की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई,जिसमें विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी शामिल हुए.बैठक में प्रचार्या वरदानी टोप्पो ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए 19 मई से 21 मई तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक समर कैंप का आयोजन किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि यह कैंप बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाओं को निखारने और पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है.उन्होंने सभी शिक्षकों को समर कैंप को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू करने तथा विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया.उन्होंने कहा कि कैंप में बच्चों की कक्षा और उम्र के अनुसार अलग-अलग गतिविधियां कराई जाएंगी,ताकि प्रत्येक छात्र-छात्रा सक्रिय रूप से भाग ले सके.
समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों के लिए योगाभ्यास,छोटी दौड़,मेढ़क दौड़,रिले रेस,रस्सी कूद, कबड्डी,खो-खो,कैरम,लूडो, शतरंज और जुंबा व्यायाम जैसी खेल एवं शारीरिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.इसके अलावा बच्चों की बौद्धिक एवं रचनात्मक क्षमता को विकसित करने के लिए क्विज प्रतियोगिता,पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम,कहानी लेखन, हस्तकला और चित्रांकन प्रतियोगिता समेत कई गतिविधियां भी कराई जाएंगी.बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समर कैंप के माध्यम से बच्चों में अनुशासन,टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा.
शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के तनाव से राहत मिलने के साथ-साथ नई चीजें सीखने का अवसर भी मिलेगा.समर कैंप की रूपरेखा तैयार करने के लिए प्रखंड के सभी विद्यालयों में संबंधित प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. मौके पर प्लस टू हाई स्कूल भरनो में शिक्षिका सुनीता किंडो,एडलीन टोप्पो,अजीता शालिनी टोप्पो,सलमा खातून,सुनैना कुजूर समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थीं.