न्यूज11 भारत
बोकारो/डेस्क: रविवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डी०एम०एफ०टी०) की प्रबंधकीय समिति की बैठक उपायुक्त अजयनाथ झा ने गोपनीय कार्यालय कक्ष में किया. बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री हरिवंदर सिंह, उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री संदीप शिंदे, सिविल सर्जन डा. ए बी प्रसाद, प्रभारी पदाधिकारी डीएमएफटी कोषांग श्री प्रभाष दत्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम एवं जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार आदि उपस्थित थे.
खनन प्रभावित एवं सामान्य क्षेत्र का वर्गीकरण
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि डी.एम.एफ.टी मद से होने वाले व्यय की प्राथमिकता तय की जायेगी. इस क्रम में खनन प्रभावित क्षेत्र को लाल क्षेत्र (रेड जोन) एवं सामान्य क्षेत्र को नारंगी क्षेत्र (ऑरेनज जोन) के रूप में वर्गीकृत कर कार्यान्वयन किया जायेगा.
महालेखा परीक्षक द्वारा लेखा परीक्षण
बैठक में उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2024-25 से अब तक डी.एम.एफ.टी मद से किए गए कार्यों का *महालेखा परीक्षक (सी०ए०जी०) द्वारा अंकेक्षण (ऑडिट) कराया जाएगा. इस संबंध में उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार को आवश्यक आदेश प्राप्त करने हेतु अधिकृत किया गया.
जिला स्तरीय भौतिक जांच दल का गठन
डी.एम.एफ.टी मद से संचालित और पूर्ण योजनाओं की भौतिक जांच कराने हेतु 04 अलग-अलग दल गठित करने का निर्णय लिया गया. जिसमें भौतिक निरीक्षण दल, प्रक्रियागत कार्य दल, तकनीकी मानक दल एवं सामाजिक लेखा परीक्षण दल गठन का निर्णय लिया गया.
अभिलेखों का संरक्षण करने का निर्णय
बैठक में सर्व सहमति से निर्णय लिया गया कि डी.एम.एफ.टी शाखा के अभिलेखों को सुरक्षित रखने के लिए शाखा में सी.सी.टी.वी. कैमरा लगाया जायेगा, सभी अभिलेखों का संरक्षण करने, इस कार्य के लिए एक दल गठित करने का निर्देश उप विकास आयुक्त को दिया गया, कार्य में सहयोग हेतु जिला योजना पदाधिकारी राज कुमार शर्मा को नामित किया गया. उक्त सभी कार्य को *एक सप्ताह की समयावधि में पूर्ण किया जाएगा.
विधिक परामर्शदाता का लिया जाएगा सहयोग
समिति के सभी सदस्यों की सहमति से निर्णय लिया है कि माननीय न्यायालयों में लंबित एवं भावी वादों के समुचित संचालन हेतु डी.एम.एफ.टी. की ओर से एक विधिक परामर्शदाता (लीगल एडवाइजर) का सहयोग लिया जायेगा.
यह भी पढ़ें: बसिया में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया जितिया पर्व, माताएं अपने बच्चों और घर की सुख समृद्धि के लिए रखा निर्जला उपवास