अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा समाहरणालय के सभागार में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक मे मुख्य रूप से गढ़वा विधायक सतेंन्द्रनाथ तिवारी, बिश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह एवं गढ़वा गढ़वा उपायुक्त दिनेश कुमार यादव सहित जिले के सभी विभाग के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि की उपस्थित रहें, बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी द्वारा एक-एक कर पिछले दिशा के बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन प्रतिवेदन की जानकारी समिति के समक्ष रखा गया. बैठक में पलामू सांसद एवं गढ़वा विधायक के द्वारा मुख्य रूप से मनरेगा, पीड़िएस, नलजल,सड़क निर्माण के तहत विभिन्न विभागों के मामलों पर विस्तार पूर्वक समीक्षा कर पूर्व में दिए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली गई एवं समीक्षा के उपरांत संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए.
वहीं पलामू सांसद-सह-अध्यक्ष बीड़ी राम द्वारा सोन-कनहर पाईप लाईन जलापूर्ति योजना का कार्य प्राक्कलन की विशिष्टियों के अनुसार निर्धारित समयानुसार पूर्ण कराने का निदेश दिया गया. योजना के कार्य की समीक्षा करते हुए सांसद द्वारा कार्य में गति प्रदान करने हेतु कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया.जिले के विभिन्न प्रखंडों में पेयजल के समुचित व्यवस्था कराने आदि महत्वपूर्ण बिन्दु के संबंध में भी चर्चा की गई तथा विभाग के तय मानकों के आधार पर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया. बैठक के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंड प्रमुखों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में पाइप जलापूर्ति योजना के प्रारंभ नहीं होने, खराब चापानलों एवं जलमिनारों को दुरुस्त नहीं करने एवं पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क को क्षतिग्रस्त होने आदि की शिकायत की गई.
बैठक में पेयजल विभाग को सड़क किनारे पेयजल पाइपलाइन ले जाने के क्रम में सड़क की खुदाई करने के पश्चात उसे छोड़ देने की प्राप्त शिकायत पर मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक अभियंता को पाइपलाइन बिछाने के पश्चात मिट्टी का भराव अच्छे से कराने एवं सड़क की मरम्मत करने का निर्देश दिया गया,साथ ही पलामू सांसद बीड़ी राम द्वारा जिले में धान अधिप्राप्ति की जानकारी लेते हुए किसानों द्वारा किए गए धान बिक्री के विरुद्ध सभी किस्तों की राशि भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में उपस्थित विभिन्न पंचायत समिति अध्यक्ष द्वारा भी सदन में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आपूर्ति, सड़क निर्माण, मनरेगा, बालू उठाव आदि कई मुद्दे उठाए गए, जिसे गंभीरता से ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग के पदाधिकारी को आवश्यक सुधार करने हेतु निर्देशित किया गया.पलामू सांसद-सह-अध्यक्ष द्वारा कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमण्डल, गढ़वा से जिला अन्तर्गत विद्युतीकरण के लिए छुटे हुए सभी ग्राम एवं टोलों में विद्युतीकरण एवं शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर पोल एवं तार को बदलने, कृषि कार्य हेतु अलग फीडर की व्यवस्था करने एवं अस्पतालों में विद्युत व्यवस्था से संबंधी जानकारी प्राप्त की गई एवं समुचित कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया.
कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमण्डल, गढ़वा द्वारा बताया गया कि गढ़वा जिलान्तर्गत विद्युतीकरण के लिए छुटे हुए सभी ग्राम एवं टोलों की सूची विद्युतीकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर पोल एवं तार को बदलने का कार्य RDSS Scheme के तहत किया जा रहा है एवं छूटे हुए ग्रामों/टोलों में विद्युतीकरण हेतु मुख्यमंत्री उज्जवल झारखण्ड योजना के तहत सर्वे का कार्य जारी है.
माननीय सांसद-सह-अध्यक्ष द्वारा कल्याण विभाग से संचालित साइकिल वितरण योजना के समीक्षा की गई एवं जर्जर अवस्था में पड़े साइकिल की मरम्मती कराते हुए वितरण करने का निर्देश दिया गया. बैठक के दौरान आपूर्ति विभाग के तहत राशन वितरण की समीक्षा के दौरान कुछ राशन डीलर द्वारा उचित मात्रा में राशन वितरण नही करने के शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया. सांसद द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण को लेकर जिले में हुए आवास निर्माण कार्य की समीक्षा की गई. उक्त के दौरान संबंधित पदाधिकारी द्वारा आवास निर्माण का कार्य लक्ष्य के करीब बताया गया. साथ ही कुछ आवास निर्माणाधीन है या किसी कारणवश लंबित है, जिस पर विचार करते हुए बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्र में लंबित आवासों को जल्द पूर्ण करने हेतु लाभुकों को प्रोत्साहित करने को कहा गया. जिससे लंबित आवासों को भी पूर्ण कर शत-प्रतिशत लाभुकों को आवास का लाभ मुहैया कराया जा सके.
सामाजिक सुरक्षा के तहत चलाये जा रहे सर्वजन पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के तहत भुगतान के संबंध में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा से जानकारी प्राप्त की गई एवं लाभुकों को पेंशन एवं सम्मान राशि भुगतान करने की दिशा में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए. इसके अतिरिक्त विभिन्न अन्य विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई. कुछ मामलों में पूर्व में दिए निर्देशों का अनुपालन नहीं करने को लेकर सांसद द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार ससमय कार्य करने एवं दिए जाने वाले निर्देश का अक्षरशः अनुपालन करने को कहा गया, जिससे सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर तरीके से किया जा सके एवं अधिक से अधिक लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा सके.
बैठक के अंत में उन्होंने कहा कि हमें सकारात्मक सोच रखते हुए जनहित में कार्य करने की आवश्यकता है, जिससे हम लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ एवं क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित कराने में महत्वपूर्ण योगदान दे सके. पलामू सांसद की अनुमति से बैठक की कार्रवाई समाप्ति की घोषणा की गई एवं आगे की आयोजित किए जाने वाले दिशा की बैठक को निर्गत दिशा निर्देशों के अनुरूप करने को कहा गया.उक्त बैठक में उपायुक्त गढ़वा दिनेश यादव, गढ़वा पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, विधायक गढ़वा रंका विधानसभा क्षेत्र सत्येंद्र नाथ तिवारी, विधायक विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र नरेश सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, माननीय विधायक प्रतिनिधि डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र,विधायक प्रतिनिधि नगर भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र, उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा, अनुमंडल पदाधिकारी रंका, अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर, वन प्रमंडल पदाधिकारी उत्तरी, वन प्रमंडल पदाधिकारी दक्षिणी, सभी प्रखंड प्रमुख, समिति के अन्य सदस्य समेत विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं विभिन्न अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता आदि समेत वेर्चुअल रूप से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी व अन्य संबंधित उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: दुर्गापूजा के मद्देनजर धनबाद से होकर गांधीधाम के लिए विशेष ट्रेन बुधवार को