वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही/डेस्क: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौपारण में नए प्रभारी के रूप में डॉ. रजनीकांत ने पदभार ग्रहण कर लिया है. प्रभार लेते ही डॉ. रजनीकांत एक्शन मोड में नजर आए. उन्होंने पूरे अस्पताल का निरीक्षण किया और सभी कर्मचारियों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए.
डॉ. रजनीकांत ने स्टाफ को समय पर ड्यूटी पर आने, मरीजों को सही समय पर दवा उपलब्ध कराने और मरीजों के साथ शालीनता से पेश आने का आग्रह किया. उनके आने से स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों और क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों को उम्मीद है कि अब अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार होगा.
ढाई लाख की आबादी वाला अस्पताल सिर्फ 3 डॉक्टरों के भरोसे
जमीनी हकीकत यह है कि लगभग ढाई लाख की आबादी वाले इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की हालत दयनीय है. ग्रामीणों का आरोप है कि यह CHC सिर्फ नाम का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है.
यहां MBBS डॉक्टर के नाम पर मात्र तीन डॉक्टर ही पदस्थापित हैं - डॉ. नजरत मंत्र, डॉ. रामानुज कुमार और डॉ. पुष्पा कुमारी. नए प्रभारी के रूप में डॉ. रजनीकांत ने चौथा प्रभार संभाला है. बाकी सभी पद खाली पड़े हैं. डॉक्टरों की कमी के कारण रात-बिरात या छुट्टी के दिन मरीजों को भगवान भरोसे रहना पड़ता है.
ग्रामीणों की मांग
स्वास्थ्य व्यवस्था की इस लचर स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि CHC चौपारण में अविलंब स्थायी MBBS डॉक्टरों की नियुक्ति की जाए और 24 घंटे डॉक्टर, नर्स और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए.
फिलहाल नए प्रभारी से लोगों को काफी उम्मीदें हैं, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि प्रशासन कब नींद से जागेगा और इस अस्पताल को पर्याप्त डॉक्टर देगा.