न्यूज 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि मंगलवार को बहरागोड़ा के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. भाजपा बहरागोड़ा मंडल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन, उनके संघर्षों तथा राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया था तथा उनके विचार आज भी देशवासियों को प्रेरित करते हैं.
इधर, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दिनेश कुमार सारंगी के आवासीय कार्यालय में भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई. इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया.डॉ. षड़ंगी ने डॉ. मुखर्जी के उस ऐतिहासिक नारे को याद किया, जिसमें उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अलग प्रधान, अलग संविधान और अलग निशान का विरोध किया था. उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान देश की एकता और अखंडता के लिए था, जिसे राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा.
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया. इस अवसर पर स्थानीय संगठन के कई प्रमुख नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण का प्रतीक था तथा उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा.
यह भी पढ़ें: भरनो थाना में शांति समिति की हुई बैठक, मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का निर्णय