किशोर कुमार जायसवाल/गुमला
गुमला/डेस्क: चैनपुर प्रखंड में रौतिया समाज के लोगों के जमीन पर लंबे समय से भू माफिया कब्जा जमाते आये हैं. समाज के लोगों के कई एकड़ जमीन गलत दस्तावेज बनाकर कब्जा कर लिया गया है. ताजा मामला चैनपुर के छतपुर निवासी लोचनाथ रौतिया, राम प्रसाद रौतिया, राजेश भगत रौतिया व देवचरण रौतिया की है. जिनकी 8 एकड भूमि पर माफियाओं ने गलत दस्तावेज बनाकर रजिस्ट्री करा ली. जिसको लेकर मंगलवार को जिला निबंधन पदाधिकारी रामजी तिग्गा से चारों भाईयों ने शिकायत करते हुए रजिस्ट्री रद्द करने की मांग की. साथ ही चैनपुर के ग्रामीण भी चारों भाईयों के साथ जिला निबंधन कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया है.
जमीन की रजिस्ट्री के समय लोचनाथ महतो की उपस्थिति की बात विभाग के कर्मी कर रहे हैं जबकि लोचनाथ महतो का कहना है कि वे निबंधन कार्यालय सोमवार को आये ही नहीं थे लेकिन उनकी जमीन का रजिस्ट्री करा दिया गया. पीड़ित भाईयों ने आरोप लगाया है कि जिला निबंधन कार्यालय में पैसे लेकर किसी की जमीन किसी दूसरे के नाम रजिस्ट्री कर दी जा रही है. लोचनाथ रौतिया ने बताया कि चैनपुर के रंजीत कुमार, रितेश गुप्ता, संध्या देवी व मुकेश सिंह उसे लेकर आने की बात कह रहे थे लेकिन वह सोमवार को नहीं आया.
रंजीत कुमार यह कह रहा था कि उसकी जमीन उसके पत्नी के नाम करा देगा बदले में उसे बीस डिसमिल जमीन चाहिए. जिसको लेकर लोचनाथ एक दिन निबंधन कार्यालय आया था. अब जब लोचनाथ रौतिया का कहना है कि वह निबंधन कार्यालय आया ही नहीं तो किसी व्यक्ति का ऑन लाइन फोटो व फिंगर लेकर जमीन बिक्री हेतु केवाईसी की गई. यह तो जांच का विषय है. क्योंकि चार डीडी बनाकर 8 एकड़ भूमि का दूसरे के नाम रजिस्ट्री करा दी गई है. इधर जमीन मालिकों के हो हंगामा के बाद जिला निबंधन पदाधिकारी अपने कर्मियों से तत्काल बैठक कर पूछताछ की और मामले की जांच करने की बात कह रहे थे. वही न्यूज़ 11 की पत्रकार के द्वारा बाइट देने की बात कही गई तो उन्होंने साफ तौर से बाइट देने से इनकार कर दिया.
बरहाल मामला रौतिया समाज के जमीन पर कब्जे का है जो लंबे समय से चैनपुर क्षेत्र में चला आ रहा है. जिसमें निबंधन कार्यालय के कर्मियों व निबंधन कार्यालय में लगे दलालों की भूमिका भी संदिग्ध रही है. मामले की जांच हुई तो कई लोगों को न्याय मिल जाएगा.
यह भी पढ़ें: विधायक सतेंन्द्रनाथ तिवारी इलाज कराकर गढ़वा लौटे, भाजपा की बैठक में हुए शामिल