न्यूज़11 भारत
पाकुड़/डेस्क: बोकारो से रेस्क्यू किए गए पाकुड़ जिले के चार नाबालिग बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष लाया गया. दस्तावेजों के सत्यापन के बाद दो बच्चों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि दो बच्चों के जरूरी कागजात अधूरे होने के कारण उन्हें फिलहाल परिजनों को नहीं सौंपा गया.
बाल कल्याण समिति के सदस्य विनोद प्रमाणिक ने बताया कि चारों बच्चों को एक दलाल केरल में काम दिलाने के नाम पर ले जा रहा था. बोकारो में इसकी जानकारी मिलने पर बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और दलाल को भी पकड़ा गया.
बोकारो बाल कल्याण समिति की कार्रवाई के बाद बच्चों को पाकुड़ बाल कल्याण समिति को सौंपा गया. यहां दस्तावेजों की जांच के बाद दो बच्चों को उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया. बाकी दो बच्चों के कागजात पूरे होने और सत्यापन के बाद ही उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा. इस दौरान बाल कल्याण समिति की सदस्य रंजन श्रीवास्तव और सलमा मौजूद रहीं.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर: LIC बिल्डिंग में देर रात लगी भीषण आग, करोड़ों रुपये का नुकसान; कंप्यूटर-लैपटॉप सब जलकर खाक