राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: प्रखंड क्षेत्र के माल्हन गांव में जंगली हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान माल्हन भंडार टोली निवासी टीभलू गंझू, पिता नंदा गंझू के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि जंगली हाथी अचानक गांव के पास पहुंच गया और इसी दौरान उसकी चपेट में आने से टीभलू गंझू की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद गांव के मुखिया जतरू मुंडा मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने परिजनों को हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया. इधर घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.