अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले के रंका अनुमंडल मुख्यालय अंतर्गत संकुल संसाधन केंद्र राजकीय मध्य विद्यालय रबदा खुरा एवं प्राथमिक विद्यालय होन्हे कला में गढ़वा पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के तहत सैंकड़ो छात्र-छात्राओं के बीच स्टेशनरी सामग्री, नाश्ता, पानी की बोतल एवं भीषण गर्मी को देखते हुए छाता का वितरण किया गया. यह वितरण रंका थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी, संकुल प्रभारी संजय प्रसाद, विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभु दयाल प्रजापति तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विजय कुमार यादव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया.
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय परिवार की ओर से थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी का बुके एवं अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया. इस दौरान प्रधानाध्यापक प्रभु दयाल प्रजापति एवं सहायक शिक्षक जितेंद्र राम ने अतिथियों का स्वागत किया. छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी ने कहा कि वर्तमान समय में अत्यधिक गर्मी को देखते हुए बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत यह पहल की गई है. उन्होंने क्षेत्र में व्याप्त अंधविश्वास जैसे झाड़-फूंक, ओझा-गुनी एवं डायन प्रथा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही इन कुरीतियों के बारे में जागरूक किया जाए, तो आने वाली पीढ़ी में सकारात्मक बदलाव संभव है और समाज से अंधविश्वास को खत्म किया जा सकता है.
उन्होंने बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि अपने माता-पिता को हमेशा हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें और बिना हेलमेट यात्रा न करें. साथ ही किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर डायल कर पुलिस सहायता लेने की जानकारी भी दी. इस अवसर पर संकुल प्रभारी संजय प्रसाद एवं प्रधानाध्यापक प्रभु दयाल प्रजापति ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा, जागरूकता एवं सामाजिक सुधार पर जोर दिया. कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विजय कुमार यादव, शिक्षक जितेंद्र राम, राजेंद्र कुमार यादव सहित अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति रही.
यह भी पढ़ें: सुरक्षा का पूरा है ध्यान, कुकडु प्रखंड सह अंचल कार्यालय में रात्रि प्रहरी पूर्ववत सेवा देंगे - सीओ अभय द्विवेदी