न्यूज़11 भारत
गिरिडीह/डेस्क: बगोदर के अटका निवासी रामेश्वर दास की दुबई से सकुशल वतन वापसी को लेकर बगोदर विधायक सह झारखंड विधानसभा में सचेतक नागेंद्र महतो ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है. विधायक ने इस संबंध में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को अलग-अलग पत्र भेजकर रामेश्वर दास की सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है.
बताया जा रहा है कि अटका निवासी रामेश्वर दास रोजगार की तलाश में एक ठेकेदार के माध्यम से टूरिस्ट वीजा पर दुबई गए थे. वहां पहुंचने के कुछ दिनों बाद उन्हें दुबई के रेशम खामा भेजे जाने की बात पत्र में कही गई है. इसके बाद रामेश्वर का परिवार से संपर्क टूट गया. परिवार ने जब संबंधित ठेकेदार से संपर्क किया तो कथित तौर पर बताया गया कि वीजा समाप्त होने के कारण रामेश्वर जेल में हैं और उनका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया गया है.
परिवार ने कर्ज लेकर भेजे थे पैसे
विधायक के पत्र में यह भी उल्लेख है कि दुबई पहुंचने के बाद से ही रामेश्वर दास घर लौटने को लेकर परेशान थे. परिवार ने उनकी मदद और रहने-खाने के साथ वीजा बनवाने की उम्मीद में अलग-अलग माध्यमों से कुल ₹75 हजार के आसपास राशि भेजी.
विधायक ने पत्र में ठेकेदार द्वारा कथित धोखाधड़ी की आशंका भी जताई है. परिवार का कहना है कि पैसे भेजने के बाद भी न तो ठेकेदार से संपर्क हो पा रहा है और न ही रामेश्वर दास से कोई बातचीत हो रही है.
विदेश मंत्री से त्वरित कार्रवाई की मांग
विधायक नागेंद्र महतो ने विदेश मंत्री से आग्रह किया है कि मामले में उचित कार्रवाई कर रोजगार की तलाश में दुबई गए रामेश्वर दास की सकुशल वतन वापसी सुनिश्चित कराई जाए, ताकि उनके छोटे-छोटे बच्चों, पत्नी और चिंतित परिजनों को राहत मिल सके. विधायक नागेंद्र महतो ने परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया है.
इसे भी पढ़ें: रांची में बाइक चोरी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़, 7 शातिर अपराधी गिरफ्तार