ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी /डेस्क: दपू रेलवे के आद्रा मंडल अंतर्गत बोकारो से आद्रा तक भ्रमण व निरीक्षण के क्रम में शुक्रवार की शाम भोजूडीह स्टेशन पहुंचे दपु रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा. इस दौरान उन्होंने स्टेशन के निरीक्षण के क्रम में कहा कि यहां लंबे समय से भोजूडीह स्टेशन से होकर गुजरनेवाली एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव व टीटी लाइन पर पैसेंजर ट्रेन की मांग को देखते हुए इस दिशा में रेल मंत्रालय को पत्राचार करेंगे. साथ ही उन्होंने तलगड़िया से भोजूडीह रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य व स्टेशन में एक्सटेंशन यार्ड समेत प्लेटफार्म लाइन का विस्तार समेत अन्य निर्माणकार्य को अगले वर्ष दिसंबर तक पूरी किए जाने की बातें कही.
उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन के दोहरीकरण,प्लेटफार्म लाइन का विस्तार व यार्ड एकस्टेंशन आदि कार्य पूर्ण होने के उपरांत भोजूडीह रेलवे स्टेशन काफी महत्वपूर्ण स्टेशन हो जायेंगे. जिसका लाभ आम नागरिकों से लेकर स्थानीय उद्योगों को भी मिलेगा. स्टेशन में ओवरब्रिज की मांग पर उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार दपु रेलवे यहां ऐसे सभी प्रकार की यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी. मौके पर जिला बीससूत्री के पूर्व उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल समेत रेलवे यूनियन के लोगों द्वारा जीएम को मांगपत्र सौंपा , जिला 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति, बोकारो की ओर से विभिन्न सवारी गाड़ियों के ठहराव, नई ट्रेनों के परिचालन, स्टेशन अपग्रेडेशन, आरओबी/आरयूबी निर्माण एवं समय पर ट्रेनों के परिचालन की मांग उठाई गई.
इसके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग रेलवे कर्मचारी संगठन अध्यक्ष राजेश्वर महतो (OBC Railway Employees Association) की ओर से उत्तर-दक्षिण दिशा में बेहतर रेल कनेक्टिविटी, भोजूडीह से रांची के लिए लोकल ट्रेन शुरू करने तथा रेलवे कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई. तलगड़िया–टुपकाडीह रेलखंड पर सवारी गाड़ी चलाने, ग्रामीणों के लिए रेलवे लाइन पार करने की अधिकृत व्यवस्था, भोजूडीह में बाजार परिसर की स्थापना, प्रमुख रेलवे ड्रेनों के नवीकरण तथा भोजूडीह जंक्शन रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर बाबा भैरवनाथ जंक्शन किए जाने की मांग रखी गई.जीएम अनिल कुमार मिश्रा ने सभी मांग-पत्रों को ध्यानपूर्वक लेते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं संगठनों द्वारा रखी गई मांगों पर रेलवे स्तर पर गंभीरता से विचार किया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रियों और क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
निरीक्षण के दौरान रेलवे के वरीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: अज्ञात वाहन की टक्कर से घर आये झारखंड पुलिस के जवान की मौत, घर से कुछ ही दूरी पर हुआ हादसा