सद्भावना मैत्री फुटबॉल मैच

स्वतंत्रता दिवस पर बुंडू में विधायक एकादश और प्रशासन एकादश के बीच सद्भावना मैत्री फुटबॉल मैच

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रमेश सिंह मुंडा स्मारक +2 उच्च विद्यालय, बुंडू के खेल मैदान में विधायक एकादश और प्रशासन एकादश के बीच सद्भावना एवं मैत्री फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया.

By : Ark Sahuliyar
स्वतंत्रता दिवस पर बुंडू में विधायक एकादश और प्रशासन एकादश के बीच सद्भावना मैत्री फुटबॉल मैच

न्यूज़11 भारत
बुंडू/डेस्क:
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रमेश सिंह मुंडा स्मारक +2 उच्च विद्यालय, बुंडू के खेल मैदान में विधायक एकादश और प्रशासन एकादश के बीच सद्भावना एवं मैत्री फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया. रोमांचक मुकाबले में विधायक एकादश ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रशासन एकादश को 1-0 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया.

मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द का उत्कृष्ट परिचय दिया. मुकाबले को देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरे मैच के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह एवं उमंग देखने को मिला.

मैच के समापन के बाद बुंडू विधायक विकास कुमार मुंडा ने विजेता विधायक एकादश तथा उपविजेता प्रशासन एकादश को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया. इसके साथ ही दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों एवं सदस्यों को मेडल देकर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया.

इस अवसर पर विधायक विकास कुमार मुंडा ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह भाईचारा, सौहार्द, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह मैत्रीपूर्ण मुकाबला क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी सद्भाव का संदेश देता है.

मैच के सफल आयोजन में अनुमंडल पदाधिकारी मोहन लाल मरांडी, अंचलाधिकारी हंश हेम्ब्रम, सजल कुमार कुंडू, जितेश सिंह, यशपाल कुमार, अल्पसंख्यक विधायक प्रतिनिधि अशरफ अंसारी, झामुमो बुंडू प्रखंड अध्यक्ष कोलेश्वर मुंडा, उपाध्यक्ष कृष्णा मुंडा, जमील अंसारी, कोषाध्यक्ष बिरसा मुंडा, बुंडू नगर अध्यक्ष बबलू कुंडू, राजीव लोचन महतो, गुरुकुल विद्या निकेतन बुंडू के प्रधानाचार्य उज्ज्वल चन्द्र धीवर, संत ज़ेवियर बुंडू के प्रधानाचार्य रंजीत लकड़ा, सूरत दास सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मुकाबले ने खेल के माध्यम से एकता, भाईचारे और प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय का सकारात्मक संदेश दिया.