ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंदनकियारी की मेडिकल टीम द्वारा बुधवार को वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच की गई. इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रतिमा दत्ता एवं मेडिकल टीम ने वृद्धाश्रम में रह रहे 12 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया.
स्वास्थ्य जांच के दौरान बुजुर्गों का ब्लड प्रेशर, शुगर, सामान्य शारीरिक जांच सहित अन्य आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किए गए. डॉ. प्रतिमा दत्ता ने वृद्धजनों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित भोजन एवं साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया. उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी रखना बेहद जरूरी है.
कार्यक्रम के दौरान मेडिकल टीम द्वारा टीबी (क्षय रोग) की स्क्रीनिंग भी की गई. साथ ही बुजुर्गों को टीबी के लक्षण, बचाव एवं समय पर इलाज कराने की जानकारी दी गई. स्वास्थ्यकर्मियों ने स्वच्छता अपनाने, समय पर दवा लेने तथा नियमित जांच कराने की सलाह दी.
वृद्धाश्रम में आयोजित इस स्वास्थ्य जांच शिविर से बुजुर्गों में खुशी देखी गई. कई बुजुर्गों ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर से उन्हें काफी राहत मिलती है और समय पर इलाज की सुविधा प्राप्त होती है. इस अवसर पर मुख्य रूप से बसंदुरा दुबे, गौतम महथा, अनुराग कुमार, रंजक बनर्जी, इंद्रजीत कुमार सहित मेडिकल टीम के अन्य सदस्य उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: तीन नाबालिग युवक अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार, भेजे गए बाल सुधार गृह