बिट्टू/न्यूज11 भारत
बगोदर/डेस्क: मेहनत और लगन से पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए प्रेरणा बने बगोदरडीह के ऋतिक दास को देश की राजधानी दिल्ली में डा. अंबेडकर राष्ट्रीय मेधा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. ऋतिक, अरुण कुमार मेमोरियल सेकेंडरी स्कूल का छात्र है और इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय व इलाके का मान बढ़ा दिया है.
ऋतिक को यह सम्मान 2022 की मैट्रिक परीक्षा में एसटी-एसी वर्ग में झारखंड टॉपर और जेनरल कोटा में 9वां स्थान हासिल करने के लिए दिया गया. उसे 60 हजार रुपये नगद, संविधान की प्रति और डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुस्तकें भेंट की गईं. सम्मान समारोह में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. वीरेंद्र कुमार, राज्य मंत्री रामदास अठावले और बीएल वर्मा उपस्थित थे.
सम्मान मिलने के बाद ऋतिक ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए इसका श्रेय अपने अभिभावकों, शिक्षकों और खुद की कड़ी मेहनत को दिया. उन्होंने बताया कि उनकी मां कालो देवी इस ऐतिहासिक पल में दिल्ली में उनके साथ मौजूद थीं.
अरुण कुमार मेमोरियल विद्यालय के प्रिंसिपल सतीश कुमार सिंह ने छात्र की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि ऋतिक एक होनहार छात्र है, जिसकी मेहनत ने आज पूरे विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने छात्र के उज्जवल भविष्य की कामना की.
गौरतलब है कि ऋतिक के पिता प्रवासी मजदूर हैं और परिवार की आर्थिक चुनौतियों के बीच भी उसने कड़ी मेहनत कर यह मुकाम हासिल किया.
यह भी पढ़ें: रामगढ़ में अवैध रूप से संचालित माही अल्ट्रासाउंड सेंटर को जिला प्रशासन टीम ने किया सील