अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र में एक भीषण दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत खबर सामने आई है. जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. तिलक समारोह से खुशियां मनाकर लौट रहे तीन युवकों की जिंदगी कुछ ही पलों में खत्म हो गई.जब उनकी मोटरसाइकिल मझिआंव - गढ़वा मुख्य सड़क स्थित बकोइया प्राथमिक विद्यालय के इर्द गिर्द अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. इस भीषण दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.
मृतक की पहचान मझिआंव थाना क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी शिवपूजन राम के 18 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार एवं बिहार रोहतास जिले के नौहट्टा थाना स्थित पूर्णाडीह गांव निवासी बिहारी राम के 20 वर्षीय पुत्र योगेंद्र राम के रूप में की गई.वहीं मृतक रितेश कुमार का सगा 23 वर्षीय भाई राकेश कुमार बुरी तरह घायल हो गया. जिसकी गढ़वा के सदर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग जारी है.
मृतक रितेश कुमार अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था,और वह आईएसी का छात्र था. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर हैदर नगर से तिलक समारोह से वापस अपने घर खजुरी लौट रहे थे. रास्ते में अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक तेज रफ्तार में पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. तीसरे युवक को परिजनों, प्रशासन एवं स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उसका इलाज जारी है.
घायल युवक राकेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना से ठीक पहले पीछे से आ रही एक बोलेरो वाहन ने उनकी बाइक को कट मारा, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया. पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में ले पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया है.साथ ही दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को भी जप्त किया है. पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है और बोलेरो वाहन की तलाश की जा रही है.वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने बताया कि अगर चालक ने हेलमेट पहना होता, तो शायद यह हादसा इतना भयावह नहीं होता.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक ने हेलमेट सिर पर पहनने के बजाय हैंडल में लटका रखा था,जो उसकी जान नहीं बचा सका.इस भीषण दुर्घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है.
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा के नियमों की अनदेखी के खतरों को उजागर करता है. हेलमेट जैसे साधारण सुरक्षा उपाय न केवल कानून का पालन है, बल्कि जीवन की रक्षा का सबसे जरूरी साधन भी है. थोड़ी सी लापरवाही कैसे अपनों को हमेशा के लिए छीन सकती है, यह घटना उसका जीता-जागता उदाहरण बन गई है. वहीं दूसरी दुर्घटना दिन के लगभग 11:00 बजे मझिआंव-विशुनपुरा मुख्य सड़क पर महावीर अस्पताल के पास मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें थाना क्षेत्र के करमडीह गांव निवासी नंददेव राम के पुत्र राजाराम एवं अन्य व्यक्ति राजू राम, और जय मंगल राम घायल हो गए. मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर कभी घायलों को स्थानीय अस्पताल लाया और डॉक्टर के द्वारा इलाज करवाया गया. वहीं कुछ लोगों का कहना था कि मोटरसाइकिल सवार शराब के नशे में थे.
यह भी पढ़ें: बोकारो थर्मल पंचायत भवन में राजद पिछड़ा प्रकोष्ठ की बैठक, OBC महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करे सरकार - सुनील साहू