अम्बर कलश तिवारी/न्यूज11 भारत
धनबाद/डेस्क: लाल बाजार गोविंदपुर में शोभा ज्वेलर्स नामक आभूषण दुकान से बुधवार को फिल्मी स्टाइल में 1.90 लाख रुपए मूल्य के आभूषणों की ठगी कर ली है. मामले की शिकायत गोविंदपुर थाने में की है. पुलिस से की गई शिकायत में दुकानदार निखिल बर्मन ने बताया कि एक व्यक्ति उसकी दुकान में आया. उसने कहा कि घर में शादी है. उसे एक सेट झुमका और सोने की दो चेन चाहिए. ये आभूषण निखिल के पास नहीं थे.
मालदार पार्टी समझकर वह ग्राहक को खाली हाथ लौटाना भी नहीं चाहता था. उसने कहा, तत्काल ये आभूषण मेरे पास उपलब्ध नहीं हैं. यदि आप कहें तो मैं धनबाद से ला दूंगा. ग्राहक तैयार हो गया और निखिल को एडवांस में 500 रुपए भी दे दिए. इसके पूर्व उक्त ठग आभूषण दुकान के निकट स्थित गद्दा बनाने वाले के यहां जाकर दो गद्दा बनाने का ऑर्डर भी दे आया था. वहां भी घर में शादी होने की बात कही थी. उसे भी एडवांस में 500 रुपए दे दिया था. निखिल धनबाद से दो सोने की चेन एवं एक झुमका लाकर ठग को दे दिया. ठग ने कहा गद्दा दुकान मेरे चाचा की है. आभूषण उन्हें दिखाकर आता हूं.
कुछ देर बाद भी जब ठग वापस नहीं आया तो निखिल गद्दा दुकानदार से पूछने गया तो उसने कहा कि न वह मेरा भतीजा है और न ही मेरे घर कोई शादी है. इतना सुनते ही निखिल के पैर तले की जमीन ही खिसक गई. वह दौड़ा-दौड़ा गोविंदपुर थाना पहुंचा और आप-बीती बताई. शिकायत मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरा खंगालना शुरू किया. परंतु बाजार की भीड़-भाड़ के कारण उसका कुछ पता नहीं चला. बदहवाश निखिल दुकान बंद कर सीसीटीवी कैमरा से ठग की पहचान करने में जुटा है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
यह भी पढ़ें: गुमला के पालकोट प्रखंड में दो व्यक्ति ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार, पालकोट पुलिस ने भेजा जेल