न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: झारखंड में झारभूमि पोर्टल की तकनीकी समस्या के कारण लगान रसीद नहीं कटने से बड़ी संख्या में रैयत परेशान हैं. पिछले कई सप्ताह से भू-लगान जमा करने वाले पेज पर एरर आने के कारण लोग अपनी जमीन का लगान जमा कर रसीद प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं. खासकर वैसे रैयतों की परेशानी अधिक बढ़ गई है, जिनकी जमीन का म्यूटेशन पूरा हो चुका है और वे नई जमाबंदी के आधार पर नियमित लगान जमा करना चाहते हैं. रैयतों का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से आसानी से लगान जमा कर रसीद प्राप्त करने की उम्मीद थी, लेकिन पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है. कई लोग लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भुगतान का विकल्प खुलने या प्रक्रिया पूरी होने के बजाय स्क्रीन पर एरर दिखाई दे रहा है.
लगान रसीद जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों में शामिल है. विभिन्न सरकारी प्रक्रियाओं, भूमि संबंधी कार्यों, प्रमाण-पत्रों तथा अन्य दस्तावेजी जरूरतों के दौरान अद्यतन राजस्व भुगतान का रिकॉर्ड मांगा जा सकता है. ऐसे में रसीद नहीं कटने से रैयतों को भविष्य के जरूरी कार्यों को लेकर भी चिंता सताने लगी है. रैयतों ने सरकार और संबंधित विभाग से झारभूमि पोर्टल की तकनीकी समस्या को जल्द दूर कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: पेपर लीक और छात्रों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में पलामू भाजपा का महाघेराव, दीपक प्रकाश ने सरकार पर साधा निशाना