अजीत कुमार/न्यूज11 भारत
लातेहार/डेस्क: प्रखंड क्षेत्र में जारी मुसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्तव्यस्त कर दिया है. लगातार हो रही भारी बारिश के चलते प्रखंड के विभिन्न इलाकों में जन-जीवन प्रभावित हुआ है. सड़कों पर जलजमाव, बिजली आपूर्ति में बाधा और लोगों के दैनिक कार्यों में व्यवधान जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं.
इसी कड़ी में आज देर शाम ओरसापाठ जाने वाली मुख्य पथ पर स्थित ओरसा घाटी बंगला दारा के पास अचानक भूस्खलन होने से भारी मात्रा में मिट्टी और बड़े-बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए हैं. इस भूस्खलन के कारण मुख्य पथ पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है. सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई है और दर्जनो लोग घाटी में फंसे हुए हैं.
स्थानीय लोगों के अनुसार, भूस्खलन के कारण सड़क पर गिरे पत्थरों और पेड़ों को हटाने के लिए तत्काल प्रशासन को सूचित किया गया है. लेकिन लगातार हो रही बारिश और रात के अंधेरे के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं. फंसे हुए लोगों को मदद पहुंचाने के लिए स्थानीय ग्रामीण भी प्रयास कर रहे हैं.
गौरतलब है कि महुआडांड प्रखंड में भारी बारिश के कारण पूर्व में भी भूस्खलन और अन्य घटनाएं घटित हो चुकी हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और बारिश के मौसम में आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.