BSL SMS-2 CCS

BSL SMS-2 CCS में इंसेंटिव पर बड़ा आश्वासन, BAKS को कहा- पुरानी राशि से कम नहीं होगा भुगतान 

BSL कर्मचारियों के 14 लंबित मुद्दों पर बैठक, कैंटीन, रेस्ट रूम, शौचालय, जलजमाव और पेयजल की समस्याओं के समाधान का रोडमैप<br/><br/>

By : Ark Sahuliyar
BSL SMS-2 CCS में इंसेंटिव पर बड़ा आश्वासन, BAKS को कहा- पुरानी राशि से कम नहीं होगा भुगतान 

सुरेन्द्र प्रसाद/न्यूज़11 भारत 
बोकारो/डेस्क:
बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के SMS-2 CCS विभाग में कर्मचारियों के लंबित मुद्दों को लेकर BSL अनाधिशासी कर्मचारी संघ (BAKS) और विभागीय प्रबंधन के बीच बैठक आयोजित हुई. बैठक में कर्मचारियों की ओर से पहले उठाए गए मुद्दों को प्रबंधन के समक्ष दोबारा रखा गया. इस दौरान इंसेंटिव/रिवॉर्ड राशि में संभावित कमी का मुद्दा सबसे प्रमुख रहा. BAKS के अनुसार, बैठक में CGM और मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इंसेंटिव रिवॉर्ड से जुड़े सभी आंकड़ों का अध्ययन कर समस्या का समाधान निकाला जाएगा और किसी भी स्थिति में पुरानी राशि से कम इंसेंटिव नहीं होने दिया जाएगा.

2007 के फॉर्मूले से इंसेंटिव भुगतान पर सवाल
यूनियन ने प्रबंधन के समक्ष कहा कि उत्पादन में लगातार वृद्धि के बावजूद वर्ष 2007 के फॉर्मूले के आधार पर इंसेंटिव रिवॉर्ड राशि का भुगतान किया जा रहा है. इससे कर्मचारियों के इंसेंटिव में कमी की स्थिति बन रही है. BAKS ने इस मामले में पुराने फॉर्मूले की समीक्षा कर कर्मचारियों के हित में समाधान निकालने की मांग की है.

एक्टिंग अलाउंस और मल्टी स्किलिंग की मांग
बैठक में कर्मचारियों द्वारा अपने से उच्च ग्रेड के कर्मियों का काम किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया. यूनियन ने मांग की कि ऐसे कर्मचारियों को नियमानुसार एक्टिंग अलाउंस दिया जाए. इसके साथ ही विभाग में मल्टी स्किलिंग स्कीम शुरू करने की मांग भी रखी गई.

अतिरिक्त उत्पादन पर मिले मोटिवेशनल इंसेंटिव
BAKS ने तय लक्ष्य से अधिक उत्पादन होने पर कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशनल स्कीम लागू करने की मांग की. यूनियन का कहना है कि अतिरिक्त उत्पादन के आधार पर कर्मचारियों को उपहार या अन्य प्रोत्साहन दिए जाने से कार्यबल का मनोबल बढ़ेगा.

हाईयर पेंशन की दूसरी डिमांड राशि का मामला
EPS-95 के तहत उच्च पेंशन के लिए आवेदन करने वाले कई कर्मचारियों की सेकंड डिमांड राशि की कटौती में देरी का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया. यूनियन ने HR, वित्त और EPFO के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावित कर्मचारियों की समस्या जल्द दूर कराने की मांग की.

कैंटीन में खाने की गुणवत्ता सुधारने की मांग
SMS-2 CCS के आसपास संचालित कैंटीनों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का मुद्दा भी उठाया गया. BAKS ने SAIL कॉर्पोरेट कैंटीन की तर्ज पर विभाग की कैंटीन संचालित करने की मांग की. यूनियन ने कहा कि कर्मचारियों को उचित कीमत पर गुणवत्तापूर्ण और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जाना चाहिए.

रेस्ट रूम और शौचालयों की स्थिति सुधारने की मांग
बैठक में विभाग के सभी अनुभागों के रेस्ट रूम में पर्याप्त फर्नीचर, कूलर/AC, RO पेयजल और शौचालय की व्यवस्था करने की मांग रखी गई. इसके अलावा खराब और जर्जर शौचालयों की मरम्मत, टूटे दरवाजे-खिड़की, कमोड, वॉश बेसिन, लाइट, एग्जॉस्ट फैन और टाइल्स की समस्या दूर करने की मांग की गई. नियमित सफाई के लिए कैलेंडर बनाकर उसका अनुपालन कराने पर भी जोर दिया गया.

ड्रेनेज और जलजमाव की समस्या
बरसात के दौरान विभाग के विभिन्न हिस्सों में ड्रेनेज सिस्टम जाम होने और जलजमाव की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया. यूनियन ने बरसात से पहले और बरसात के दौरान ड्रेनेज सिस्टम का सर्वे कराकर नियमित सफाई कराने की मांग की. विभाग के भीतर जर्जर सर्विस रोड की मरम्मत और जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग भी रखी गई.

पुराने शेड और जर्जर शीट हटाने की मांग
BAKS ने विभाग के शेड में लटकी पुरानी और कमजोर शीट को तत्काल हटाने की मांग की. यूनियन ने आशंका जताई कि तेज हवा, आंधी या तूफान के दौरान ये शीट गिरकर कर्मचारियों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. इसके साथ ही शेड के जर्जर या जाम चैनल/शीट की मरम्मत कराने की मांग की गई, ताकि बारिश का पानी शेड के अंदर नहीं गिरे.

वाटर प्यूरीफायर और 36 मीटर एरिया में पेयजल की समस्या
विभाग के कई हिस्सों में खराब पड़े वाटर प्यूरीफायर के अनुरक्षण और जरूरी उपकरणों को समय पर बदलने की मांग की गई. इसके अलावा 36 मीटर एरिया में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए RO युक्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग भी प्रबंधन के समक्ष रखी गई.

14 मुद्दों के समाधान की दिशा में कार्रवाई
बैठक में कर्मचारियों से जुड़े कुल 14 प्रमुख मुद्दों को प्रबंधन के समक्ष रखा गया. इनमें इंसेंटिव रिवॉर्ड, एक्टिंग अलाउंस, मल्टी स्किलिंग, नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशनल स्कीम, हाईयर पेंशन, कैंटीन, अटेंडेंस करेक्शन, रेस्ट रूम, ड्रेनेज, जर्जर शीट, शौचालय, वाटर प्यूरीफायर, सर्विस रोड और 36 मीटर एरिया में पेयजल शामिल हैं. BAKS के मुताबिक, विभागीय स्तर के अधिकतर मुद्दों के समाधान के लिए कुछ महीनों के भीतर रोडमैप दिया गया है. वहीं विभाग से बाहर के मामलों को संबंधित विभागों और उच्च प्रबंधन के संज्ञान में लाकर समाधान कराने की बात कही गई है.

इंसेंटिव नहीं सुधरा तो आंदोलन की चेतावनी
बैठक के बाद SMS-2 CCS के विभागीय प्रतिनिधि त्रिवेणी सिंह और अनिरुद्ध शर्मा ने संयुक्त बयान में कहा कि प्रबंधन नया देने के बजाय पुराने लाभ में कटौती करने की कोशिश करता रहा है और इंसेंटिव/रिवॉर्ड राशि में कमी इसका उदाहरण है. उन्होंने कहा कि यदि इंसेंटिव/रिवॉर्ड का मामला जल्द हल नहीं किया गया तो विभागीय स्तर पर आंदोलन करने के लिए श्रमिक बाध्य होंगे. बैठक में BAKS की ओर से महासचिव हरिओम, कोषाध्यक्ष राहुल कुमार साव, उपमहासचिव माणिक मुंडा, विभागीय प्रतिनिधि त्रिवेणी सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए.