महागामा अस्पताल में बड़ी चोरी

महागामा अस्पताल में बड़ी चोरी! नए पब्लिक हेल्थ सेंटर भवन की लोहे की ग्रिल उखाड़ ले गए चोर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

महागामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में स्थित नवनिर्मित पब्लिक हेल्थ सेंटर भवन में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है.

By : Ark Sahuliyar
महागामा अस्पताल में बड़ी चोरी! नए पब्लिक हेल्थ सेंटर भवन की लोहे की ग्रिल उखाड़ ले गए चोर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

अमित कुमार/न्यूज़11 भारत 
महागामा/डेस्क:
महागामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में स्थित नवनिर्मित पब्लिक हेल्थ सेंटर भवन में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने भवन की कई खिड़कियों में लगी लोहे की ग्रिल उखाड़कर चोरी कर ली. सरकारी भवन में हुई इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.जानकारी के अनुसार, हाल ही में तैयार किए गए नए भवन में अभी नियमित गतिविधियां पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई थीं कि चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर लोहे की ग्रिल निकाल ली. घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया.

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील सरकारी परिसर में यदि चोर बेखौफ होकर लोहे की ग्रिल तक उखाड़ ले जा रहे हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है. लोगों ने अस्पताल परिसर में रात्रि सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड और नियमित पुलिस गश्ती की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.सरकारी संपत्ति की इस चोरी से सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचा है. वहीं, लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो भविष्य में भवन के अन्य सामान भी चोरों के निशाने पर आ सकते हैं.घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस मामले की जांच कर अज्ञात चोरों की पहचान करेगी और चोरी गई सरकारी संपत्ति बरामद करने के साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी.यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाले सरकारी भवनों की सुरक्षा आखिर किसके भरोसे है.