न्यूज11 भारत
तमाड़/डेस्क: तमाड़ थाना क्षेत्र के बारूकाण्डे गांव मे हाथी के हमले में घायल भरत सिंह मुंडा की इलाज के दौरान मौत हो गई. घायल भरत सिंह मुंडा का रिम्स में इलाज चल रहा था और वहीं पर उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है. उसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बता दें कि तमाड़ थाना क्षेत्र के बारूकाण्डे गांव के भरत सिंह मुंडा को जंगली हाथी ने मंगलवार की सुबह अपनी चपेट में ले लिया था. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमाड़ में प्राथमिक इलाज किए जाने के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स रेफर कर दिया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मामले की जानकारी वन विभाग दी गई और परिजनों ने सरकारी लाभ के अतिरिक्त अंतिम संस्कार में आर्थिक सहयोग किए जाने की मांग की इधर फॉरेस्टर अजय सिंह ने बताया कि घायल भरत सिंह की बुधवार की रात अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए पीड़ित परिजनों को हर संभव सहयोग किए जाने की बात कही . वन विभाग के द्वारा गुरुवार को रिम्स पहुंच कर पीड़ित परिजनों को 50 हजार रुपए का तत्काल सहयोग किया और बाकी मुआवजा की राशि जल्द दिए जाने का आश्वासन दिया गया है.
यह भी पढ़ें: कांग्रेस-जेएमएम को संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं, राहुल गांधी अनर्गल बयानबाजी करते है - संदीप वर्मा