मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: पिपरवार क्षेत्र के बचरा श्रमिक क्लब में कॉलोनीवासियों, स्थानीय ग्रामीणों एवं फुटबॉल खिलाड़ियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता संतोष दास ने की. इस अवसर पर मजदूर नेता एवं समाजसेवी इस्लाम अंसारी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.बैठक में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक एवं जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर अपने विचार रखे. मुख्य रूप से बचरा चार नंबर खेल मैदान की साफ-सफाई एवं समुचित रख रखाव, खेल मैदान के सामने तथा बसंत विहार कॉलोनी में खराब पड़े ओपन जिम की मरम्मत और बसंत विहार कॉलोनी स्थित जर्जर पार्क के जीर्णोद्धार की मांग उठाई गई.
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में पार्क की स्थिति अत्यंत खराब है और यहां प्रतिदिन जहरीले सांप निकलने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. उपस्थित लोगों ने प्रबंधन से अविलंब पार्क की मरम्मत कराने और उसकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की.मजदूर नेता इस्लाम अंसारी ने प्रबंधन से उपरोक्त समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि ओपन जिम को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए तथा चार नंबर खेल मैदान के रख रखाव की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
बैठक में स्थानीय प्रबंधन को इन मांगों से संबंधित एक लिखित आवेदन सौंपने का निर्णय भी लिया गया.बैठक में इस्लाम अंसारी, संतोष दास, आनंद मुंडा, बसंत कुमार, भोलानाथ तिवारी, जगदीश गंझु, संजय प्रसाद, दिलीप कुमार, जमुना महतो, मंटू मोदी, मनु देव आर्य, सूरज गोसाई, अनिल साव, जीतराम खड़ा, संजय चटर्जी, नवरत्न गिरी सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: कल्याणपुर के चौड़ा में टाना भगत परिवारों ने बालू जब्ती कार्रवाई को बताया अनुचित, बीडीओ से लगाई न्याय की गुहार