मनीष मंडल/न्यूज़11 भारत
बेंगाबाद/डेस्क: बिहार के जमुई जिले के बीचकोड़वा निवासी नाबालिग किशोर मिथुन कुमार दास की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में गुरुवार को उसका क्षत-विक्षत शव तीन चार टुकडे में पाया गया था कुछ हिस्सा जमीन में गड़ा हुआ मिला था.
बेंगाबाद पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
मृतक के पिता मथुरा दास ने शुक्रवार बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर 10 नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. अपने आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके बेटे मिथुन की साजिश रचकर निर्मम हत्या कर दी गई. साक्ष्य छिपाने के लिए हत्यारों ने एसिड से शव को जलाया और कई टुकड़ों में काटकर जमीन में गाड़ दिया.
कई दिनों तक जमीन में दबे रहने के कारण शव से बदबू आने लगी, जिसके बाद कुत्तों ने जमीन खोदकर शव को बाहर निकाल दिया. तब जाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई.
पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी प्रेमिका, प्रेमिका के पिता, भाई, माता, बहनोई सहित अन्य परिजनों ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है. उन्होंने पुलिस से मिथुन और उसकी प्रेमिका के मोबाइल का सीडीआर निकालने और फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है, ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके.
इधर आवेदन के आलोक में बेंगाबाद पुलिस ने कांड अंकित कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने प्रेमिका और उसके माता-पिता सहित करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
इस संबंध में एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में हत्या का प्रतीत हो रहा है. कई अहम सुराग मिले हैं. कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा.