रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
मझगांव/डेस्क: हाटगम्हरिया प्रखंड अंतर्गत दीकू बालकांड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय दूधजोड़ी में चारदिवारी का निर्माण कार्य और कुमारडुंगी प्रखंड अंतर्गत खंडखोरी पंचायत के ग्राम पतारहातु दाड़का चौक से बाईदा तक पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास मझगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक निरल पूर्ति के द्वारा सोमवार को किया गया. शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे विधायक एवं अन्य अतिथियों का स्वागत ग्रामीणों के द्वारा हर्षोल्लास पूर्वक फूलमाला, ढोल नगाड़ा के साथ किया गया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक निरल पूर्ति ने कहा कि मझगांव विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा के रूप में बनाना है. इसके लिए हम सभी को मिलकर शिक्षा स्वास्थ पर विशेष ध्यान देना होगा. सरकार का प्रत्येक योजना मझगांव विधानसभा तक पहुंचे और उनका लाभ स्थानीय लोगों को मिले इसका प्रयास हमेशा रहा है . लेकिन हम सभी को मिलकर शिक्षा को एक नई दिशा देना है. शिक्षा एकमात्र रास्ता है, जिससे हम युवाओं को नई दिशा में ले जा सकते हैं. जब तक युवा शिक्षित नहीं होंगे विकास का सही रास्ता नहीं चुन सकते. विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को झारखंड सरकार के द्वारा सभी सुविधा प्रदान की जा रही है. साथ ही उच्च शिक्षा के लिए गुरुजी क्रेडिट कार्ड के द्वारा ऋण उपलब्ध करवा कर उन्हें प्रेरित किया जा रहा है. जिससे वह उच्च शिक्षा आसानी के साथ ग्रहण कर सके . शिक्षा के लिए किसी भी परिवार को अपना घर द्वार , जमीन जायदाद गिरवी रखने की जरूरत नहीं है. आपके साथ आदिवासी का बेटा युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खड़ा है जो हर सुख दुख में आपका रहनुमा बनकर मदद को तैयार है. विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे एक लक्ष्य बनाकर भविष्य की तैयारी करें. जबकि अभिभावक बच्चों को शिक्षा के अलावा किसी भी काम में ना लगाए और समय पर स्कूल जरूर भेजें. कई बार ऐसा होता है कि घर में दूसरा काम रहने की वजह से बच्चे को स्कूल छूट जाता है, लेकिन यह सही नहीं है नियमित स्कूल भेजें और अच्छी शिक्षा ग्रहण के लिए प्रेरित करें. झारखंड सरकार विद्यालयों में उचित शिक्षक की व्यवस्था कर रही है. पिछले साल ही सभी विद्यालयों में जरूरत के हिसाब से शिक्षकों को नियुक्त किया गया है. आने वाला समय और भी शिक्षकों को विषयवार विद्यालयों में भेजा जाएगा. जिस विद्यालय में अच्छी शिक्षा बच्चों को मिल सके. वही कुमारदूंगी प्रखंड के खंडखोरी में सड़क की जरूरत हो रही थी, उसे प्राथमिकता के साथ निर्माण कार्य कराया जा रहा है. निर्माण करने वाले संवेदक समय और गुणवत्ता के साथ इसे पूरा करें जिससे आने वाले बरसात से पहले लोगों को सड़क की सुविधा मिल सके. इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, मानकी मुंडा, ग्रामीण, झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता आदि भारी संख्या में लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: परीक्षा बनाम जश्न: शोरूम उद्घाटन का डीजे बना छात्रों की परेशानी का सबब