राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत
चंदवा/डेस्क: टोरी जंक्शन स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण में हो रही देरी को लेकर राजस्थान के सीकर से सांसद एवं लोकसभा में सीपीआई(एम) के उपनेता अमरा राम ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. 10 जुलाई 2026 को भेजे गए पत्र में सांसद ने कहा है कि 3 अप्रैल 2021 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा झारखंड के लातेहार जिले के टोरी रेलवे स्टेशन के समीप फ्लाईओवर ब्रिज का ऑनलाइन शिलान्यास किया गया था, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों की उदासीनता के कारण चार वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है.
सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि टोरी रेलवे स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में बन रहा फुटओवर ब्रिज भी अब तक अधूरा है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने पत्र में कहा कि टोरी जंक्शन पूर्व रेलवे के हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेलमार्ग का एक अत्यंत व्यस्त जंक्शन है, जहां रांची-लोहरदगा-टोरी और टोरी-बड़काखाना-मुरी रेलखंड सहित कई महत्वपूर्ण रेल मार्ग जुड़े हैं. लगातार ट्रेनों की आवाजाही के कारण रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे एंबुलेंस सहित सैकड़ों वाहन घंटों जाम में फंसे रहते हैं.
सांसद अमरा राम ने दावा किया कि जाम के कारण गंभीर रूप से घायल मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते, कई गर्भवती महिलाओं को रास्ते में ही प्रसव के लिए मजबूर होना पड़ता है और समय पर इलाज नहीं मिलने से जान जाने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं. वहीं फुटओवर ब्रिज अधूरा रहने के कारण लोग रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर होते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है. पत्र में उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया है कि फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण शीघ्र शुरू कराने तथा रेलवे मंत्रालय से समन्वय स्थापित कर फुटओवर ब्रिज का निर्माण भी जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यक और ठोस कदम उठाए जाएं. सांसद ने कहा कि वर्षों से लंबित इस परियोजना को लेकर क्षेत्र की जनता में गहरा आक्रोश है और लोग लगातार आंदोलन करने को मजबूर हो रहे हैं.
