अम्बर कलश तिवारी/न्यूज11 भारत
धनबाद/डेस्क: एनसीसी कैडेट दुर्गा पूजा में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगे. भीड़ नियंत्रण में भी सहयोग करेंगे. शुक्रवार को डीसी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ तथा ट्रैफिक नियंत्रण के उपाय के लिए बैठक हुई. बैठक में ग्रामीण एसपी, एनसीसी के कमांडेंट तथा एसडीएम भी मौजूद थे. बैठक समाहरणालय में स्थित डीसी के कार्यालय कक्ष में हुई.
डीसी ने एनसीसी के पदाधिकारी से दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ तथा ट्रैफिक नियंत्रण के लिए शाम में एनसीसी के कैडेट के वोलेंटियर के रूप में काम करवाने की सलाह दी. उन्होंने कहा की दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए एनसीसी कैडेट वॉलेंटियर के रूप में काम करेंगे. एनसीसी के कैडेट शहर के विभिन्न पंडालों, यातायात सिग्नलों पर बुजुर्गों और जरूरतमंदों की सहायता और नागरिक प्रशासन को महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करेंगे.
डीसी ने कहा कि स्वयंसेवक के रूप में काम करने वाले एनसीसी कैडेट को बेहतर कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा. साथ ही उन्हें किट भी उपलब्ध कराई जाएगी. डीसी ने कहा कि और भी कई संस्थान है जो इस कार्य में प्रशासन की मदद करना चाहते हैं उनकी की सहायता ली जाएगी.
बैठक में ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, एसडीओ राजेश कुमार, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी संजय झा तथा एनसीसी के पदाधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: कार्निवल रेस्टोरेंट में चल रहा था हुक्का बार, प्रशासन ने किया सील, - हुक्का बरामद